Rajasthan Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: राजस्थान भीषण ठंड और शीतलहर की चपेट में है। आने वाले दिनों में मौसम की मार और बढ़ने वाला है। मौसम विभाग ने एक नए पश्चिमी विक्षोभ के एक्टिव होने की संभावना जताई है। जिसके बाद ठंड में और बढ़ोत्तरी हो सकती है। साध की घना कोहरा भी छाया रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में मंगलवार को मौसम शुष्क रहा। कुछ जगहों पर सुबह के समय घना कोहरा देखने को मिला। वहीं प्रदेश के पूर्वी हिस्से में कहीं-कहीं पर कोल्ड डे की स्थिति भी दर्ज की गई। इस दौरान राजस्थान में सबसे कम तापमान 2.5 डिग्री नागौर में दर्ज किया गया। आइए जानें कि राजस्थान में आज कैसा मौसम रहने वाला है:
आज राजस्थान में मौसम का हाल
राजस्थान में बुधवार को मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज नागौर, हनुमानगढ़, चूरू, सीकर, झुंझुनूं, दौसा, भरतपुर और अलवर में कोल्ड डे का येलो अलर्ट जारी किया है। गुरुवार को भी पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहने वाला है। जिसके बाद प्रदेश के मौसम में बदलाव होने की संभावना है। 10 और 11 जनवरी को जयपुर, अजमेर, भरतपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग में कुछ जगहों पर हल्की बारिश होने के आसार हैं। जिसके बाद 12 और 13 जनवरी को फिर से प्रदेश का मौसम शुष्क रह सकता है।
अगले दो दिन इन जगहों पर कोल्ड डे के आसार
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान में अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की गिरावट हो सकती है। जिसके बाद 2 से 4 डिग्री की बढ़ोत्तरी होने की भी संभावना है। अगले दो दिनों में बीकानेर, जयपुर और भरतपुर संभागों के कुछ भागों में शीतलहर चलने और कोल्ड डे की स्थिति रहने की संभावना है। एक और पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से प्रदेश के मौसम में बदलाव होने वाला है। इसके प्रभाव से 10 से 12 जनवरी के दौरान कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।
