Rajasthan Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: राजस्थान में कई जिलों में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है। तापमान में भी लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटों में कई जगह न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक लुढ़क गया है। राजस्थान में न्यूनतम तापमान 6 डिग्री तक पहुंच गया है। बढ़ती ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा लेते हुए भी नजर आने लगे हैं। मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के दूसरे सप्ताह से प्रदेश में सर्द हवाएं और बढ़ने से तापमान में भारी गिरावट हो सकती है। साथ ही दिसंबर के तीसरे सप्ताह से प्रदेशभर में कड़ाके की ठंड शुरू होने के आसार हैं।
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव
मौसम विभाग के अनुसार 7-8 दिसंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। जिसके प्रभाव से 7 और 8 दिसंबर को पश्चिमी और उत्तरी राजस्थान में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं। हालांकि इस दौरान बारिश की संभावना बेहद कम है। जिसके बाद 9 और 10 दिसबंर से राजस्थान में उत्तरी हवाओं का प्रभाव देखने को मिलेगा। जिससे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। वहीं शेखावटी क्षेत्र में कुछ जगहों पर तापमान 4 से 6 डिग्री के आसपास दर्ज किए जाने की संभावना है।
आज शुष्क रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक आज राजस्थान में मौसम शुष्क रह सकता है। 12 दिसंबर तक यहां मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। प्रदेश की राजधानी जयपुर की बात करें तो आज यहां मौसम साफ रहने वाला है। यहां का अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। 9 दिसंबर तक जयपुर में मौसम साफ रह सकता है। जिसके बाद 10 से 12 दिसंबर के दौरान शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है। जिससे तापमान में तेज गिरावट हो सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री तक दर्ज हो सकता है।
बाड़मेर में रहा सबसे अधिक तापमान
राजस्थान में शुक्रवार को मौसम मुख्यत शुष्क दर्ज किया गया। इस दौरान सबसे कम तापमान माउंट आबू में 6 डिग्री और हनुमानगढ़ में 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं बाड़मेर में सबसे अधिक तापमान रहा। यहां का अधिकतम तापमान 30.6 डिग्री दर्ज किया गया। इसके अलावा जयपुर का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री, अजमेर का 27.1 डिग्री, कोटा का 28.2 डिग्री, सीकर का 24 डिग्री, जैसलमेर का 28.2 डिग्री और बीकानरे का 26.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
