Rajasthan Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: राजस्थान में अचानक मॉनसून का रुख बदलने से मौसम का मिजाज बदल गया है। मौसम विभाग के दो दिन पहले के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिन मॉनसून शांत रहने वाला था। लेकिन उत्तरी राजस्थान में नए परिसंचरण के कारण तेज बारिश होने के आसार हैं। शुक्रवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हुई। जिसमें सबसे अधिक बारिश नागौर जिले के परबतसर में दर्ज की गई। यहां तीन इंज से ज्यादा पानी बरसा। बारिश के चलते अधिकतम तापामान भी कम हो गया है। पूरे प्रदेश का पारा 40 डिग्री से नीचे आ गया है। राजस्थान में आज भी बारिश का सिलसिला देखने को मिलेगा। साथ ही भारी बारिश को लेकर भी चेतावनी दी गई है।
राजस्थान में तेज बारिश का अलर्ट
6 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने आज राजस्थान के 20 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं 6 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को जयपुर, उदयपुर, कोटा, अजमेर, जोधपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में बारिश होने की संभावना है। साथ ही जयपुर समेत उत्तरी क्षेत्र के जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। आने वाले दो से तीन दिन कोटा, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में 16 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने के आसार हैं। जिसकी वजह से कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ भागों में भारी बारिश होने का अनुमान है।
परबतसर में हुई 89 मिमी बारिश
राजस्थान में शुक्रवार को जयपुर, कोटा, गंगानगर, अजमेर, दौसा समेत कई शहरों में बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश नागौर के परबतसर में हुई। यहां 89 मिमी बारिश दर्ज हुई। जयपुर के कई इलाकों में रुक रुककर बारिश हुई। हनुमानगढ़ में भी रुक-रुककर बारिश का दौर चलता रहा। कोटा और आसपास के इलाकों में झमाझम मेघ बरसें। वहीं बीकानेर में बारिश के कारण जलभराव की स्थिति देखने को मिली। जिसके चलते एक मकान ढह गया। वहीं करौली में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में एक छात्र डूब गया। जिससे उसकी मौत हो गई।
