Delhi Police: देश की राजधानी दिल्ली की कानून व्यवस्था को लेकर एक बेहद बड़ी और प्रशासनिक स्तर पर फेरबदल की खबर सामने आई है। दिल्ली पुलिस को नया कप्तान मिल गया है। भारत सरकार के गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) ने एक आधिकारिक आदेश जारी कर 1994 बैच के वरिष्ठ IPS अधिकारी अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस का नया कमिश्नर नियुक्त किया है। अनुराग कुमार वर्तमान कमिश्नर सतीश गोलचा का स्थान लेंगे। गृह मंत्रालय द्वारा शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को जारी किए गए नियुक्ति पत्र के अनुसार, सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद (AGMUT) कैडर के IPS अधिकारी अनुराग कुमार कार्यभार संभालने की तारीख से अगले आदेश तक दिल्ली पुलिस कमिश्नर का पद संभालेंगे।
IB में स्पेशल डायरेक्टर थे अनुराग कुमार, सतीश गोलचा को नई जिम्मेदारी
दिल्ली पुलिस के नए मुखिया बनने जा रहे अनुराग कुमार का प्रशासनिक अनुभव बेहद शानदार रहा है। इस नई जिम्मेदारी से ठीक पहले वे इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में स्पेशल डायरेक्टर के पद पर तैनात थे। उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली अपॉइंटमेंट्स कमेटी ऑफ कैबिनेट ने गुरुवार को IB से हटाकर उनके मूल कैडर AGMUT में वापस भेजा था, जिसके अगले दिन बाद ही उन्हें दिल्ली पुलिस की कमान सौंपी दी गई है।
वहीं, हटाए गए 1992 बैच के IPS अधिकारी सतीश गोलचा को लेकर आदेश में निर्देश दिया गया है कि वे नए कमिश्नर के कार्यभार ग्रहण करने के तुरंत बाद अपनी अगली पोस्टिंग के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करेंगे।
अगस्त 2025 में कमिश्नर बने थे सतीश गोलचा
आपको बता दें कि AGMUT कैडर के ही 1992 बैच के IPS अधिकारी सतीश गोलचा को पिछले साल अगस्त 2025 में दिल्ली पुलिस का कमिश्नर नियुक्त किया गया था। उनका कार्यकाल करीब एक साल का रहा। कमिश्नर बनने से पहले सतीश गोलचा के पास दिल्ली पुलिस में विशेष आयुक्त (इंटेलीजेंस) और तिहाड़ जेल के महानिदेशक (DG) का अतिरिक्त प्रभार संभालने का एक लंबा अनुभव था। अब केंद्र सरकार ने उनकी जगह पर सुरक्षा और खुफिया मामलों के विशेषज्ञ माने जाने वाले अनुराग कुमार पर भरोसा जताते हुए राजधानी की कमान उनके हाथों में सौंप दी है।
