Indore Bhopal Metro: इंदौर और भोपाल मेट्रो परियोजना में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। दोनों शहरों की मेट्रो सेवाओं के लिए ऑटोमेटिक फेयर कलेक्शन (AFC) सिस्टम लागू करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए गए हैं। इसके लिए दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) और मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (MPMRCL) के बीच दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद मेट्रो टिकटिंग पूरी तरह आधुनिक और डिजिटल हो जाएगी।
मैन्युअल टिकट से मिलेगी राहत
वर्तमान में इंदौर और भोपाल के मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों को हाथ से जारी किए जाने वाले टिकट दिए जा रहे हैं, जिससे काउंटर पर भीड़ और देरी की समस्या बनी रहती है। प्रस्तावित AFC सिस्टम के लागू होने से यात्रियों को क्यूआर कोड और स्मार्ट कार्ड के जरिए सीधे प्रवेश की सुविधा मिलेगी, जिससे टिकट लेने में लगने वाला समय बचेगा।
DMRC लगाएगा अत्याधुनिक सिस्टम
मेट्रो प्रबंधन के अनुसार, डीएमआरसी दोनों शहरों में उन्नत और संपर्क रहित किराया संग्रह प्रणाली स्थापित करेगा। यह सिस्टम पूरी तरह सुरक्षित होगा और दिल्ली मेट्रो की तर्ज पर काम करेगा। इसके जरिए यात्रियों को टिकट काउंटर पर कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ेगी और यात्रा अधिक सुगम होगी। गौरतलब है कि इससे पहले मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन ने AFC सिस्टम के लिए तुर्किए की कंपनी एसिस इलेक्ट्रॉनिक को ठेका दिया था। हालांकि, सुरक्षा और राष्ट्रीय हित से जुड़े विवाद सामने आने के बाद मेट्रो प्रशासन ने उस कंपनी की सेवाएं लेने से इनकार कर दिया था। इसके बाद अब डीएमआरसी के साथ मिलकर इस सिस्टम को लागू करने का निर्णय लिया गया है।
अंडरग्राउंड स्टेशन की तैयारियां तेज
इंदौर में रीगल तिराहा स्थित रानी सराय क्षेत्र में अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन के निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। प्रोजेक्ट से जुड़ी कंपनी ने साइट पर अस्थायी ढांचे लगाने का काम शुरू कर दिया है। मेट्रो प्रबंधन का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान आसपास की ऐतिहासिक इमारतों को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचने दिया जाएगा। भोपाल के एम्स मेट्रो स्टेशन पर हाल ही में बड़ी संख्या में यात्रियों को टिकट न मिलने की शिकायत के बाद मेट्रो प्रशासन ने अस्थायी समाधान के तौर पर मिसलेनियस टिकट जारी करने की व्यवस्था शुरू की है। अब समूह में यात्रा करने वाले यात्री ट्रेन चलने से कुछ मिनट पहले काउंटर पर पहुंचकर यह टिकट प्राप्त कर सकेंगे।
