Punjab: भारत-पाकिस्तान सीमा पर बीते दिनों से तनाव बढ़ता जा रहा है। दोनों देशों के बीच तनावपूर्ण इस स्थिति में पंजाब सरकार ने गुरुवार को अगले तीन दिन तक सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने और पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द करने के आदेश दिया हैं। एहतियात के तौर पर तरनतारन और फाजिल्का में जिला अधिकारियों ने शादियों और अन्य कार्यक्रमों के दौरान पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया है। पंजाब सरकार ने लोगों की सुविधा के लिए एक नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया है।
पंजाब में पुलसकर्मियों की छुट्टियां रद्द
शनिवार तक बंद रहेंगे स्कूल
पंजाब और हरियाणा की साझा राजधानी और केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में अधिकारियों ने शनिवार तक सभी स्कूलों को बंद करने की घोषणा की। बीते 22 अप्रैल को हुए पहलगाम नरसंहार के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा मंगलवार रात पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ढांचे को तबाह कर दिया गया था। पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टर में मोर्टार और भारी कैलिबर तोपखाने का उपयोग करके नियंत्रण रेखा के पार अपनी अकारण गोलीबारी की, जिसमें 16 लोग मारे गए।
पंजाब पुलिस की छुट्टियां रद्द
रक्षा मंत्रालय ने बृहस्पतिवार देर रात कहा कि भारत ने जम्मू, पठानकोट और उधमपुर में सैन्य स्टेशनों सहित विभिन्न प्रमुख प्रतिष्ठानों को ड्रोन और मिसाइलों से निशाना बनाने की पाकिस्तान की कोशिशों को नाकाम कर दिया था। जानकारी के लिए बता दें कि पंजाब की 532 किलोमीटर लंबी सीमा पाकिस्तान से लगती है। पंजाब के पुलिस महानिदेशक ने एक आदेश में कहा, "प्रशासनिक कारणों को देखते हुए, पंजाब पुलिस के सभी अधिकारियों/कर्मचारियों की छुट्टियां 7 मई से रद्द कर दी गई हैं।" इसमें कहा गया है, "केवल विशेष परिस्थितियों में ही सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से छुट्टियां दी जानी चाहिए।"
एहतियातन तौर पर शैक्षणिक संस्थानों को किया गया बंद
पंजाब और हरियाणा की संयुक्त राजधानी व केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में प्राधिकारियों ने शनिवार तक सभी स्कूल बंद करने की घोषणा की है। पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, "स्थिति को देखते हुए यह आदेश दिया जाता है कि पूरे पंजाब में सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय अगले तीन दिनों के लिए पूरी तरह से बंद रहेंगे।"
परीक्षाएं की गई स्थगित
अधिकारियों ने बताया कि हरियाणा के पंचकूला में सभी शैक्षणिक संस्थान शुक्रवार और शनिवार को बंद रहेंगे। इस बीच, चंडीगढ़ स्थित पंजाब विश्वविद्यालय ने 9, 10 और 12 मई को होने वाली परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। विश्वविद्यालय ने एक बयान में कहा कि परीक्षा की नयी तारीखों की घोषणा बाद में की जाएगी।
पुलिस की लोगों से अपील
अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने लोगों से अपील की है कि अगर उन्हें कोई संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखे तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस दस्तों और त्वरित प्रतिक्रिया टीमों को तैनात किया गया है। जिला प्रशासन ने आपातकालीन स्थिति में लोगों के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया।
(इनपुट - भाषा)
