Sambhal News: उत्तर प्रदेश के संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। मदाला फतेहपुर गांव स्थित अल हसनैन पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम के दौरान मुख्य गेट का छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मलबे की चपेट में आने से एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल परिसर में चीख-पुकार और अफरातफरी का माहौल बन गया। जानकारी के मुताबिक, स्कूल में 15 अगस्त के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। समारोह देखने के लिए आसपास के गांवों से भी कई बच्चे स्कूल पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे मुख्य गेट के छज्जे पर चढ़ गए। अचानक छज्जा वजन नहीं सह सका और नीचे आ गिरा। उसके नीचे खड़े बच्चे इसकी चपेट में आ गए।
संभल में 15 अगस्त समारोह के बीच मचा हड़कंप:
दो बच्चों का इलाज जारी
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने मलबा हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। इनमें छह वर्षीय निजामुद्दीन भी शामिल था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, 11 वर्षीय सैफ अली और 10 वर्षीय शेदाना घायल हुए हैं। दोनों को प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
परिवार में पसरा मातम
बच्चे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। एसडीएम विकास चंद्र, सीओ असमोली अमन सिंह और थाना प्रभारी सुधीर पवार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में जिलाधिकारी अंकित खंडेलवाल, पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई और बेसिक शिक्षा अधिकारी अलका शर्मा ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
प्रारंभिक जांच में क्या सामने आया?
अधिकारियों ने राहत-बचाव कार्य की जानकारी लेने के साथ संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिलाधिकारी के अनुसार, समारोह के दौरान आसपास के गांवों से आए कुछ बच्चे छज्जे पर चढ़ गए थे। इसी दौरान छज्जा नीचे गिर गया, जिसके नीचे एक बच्चा दब गया और उसकी जान चली गई। दो अन्य बच्चे भी हादसे में घायल हुए हैं। एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि छज्जे पर एक साथ अधिक संख्या में बच्चों के चढ़ने से उस पर अतिरिक्त भार पड़ा, जिसके चलते वह गिर गया। उन्होंने बताया कि स्कूल की इमारत करीब 19 से 20 साल पुरानी है और प्रथम दृष्टया भवन में कोई बड़ी कमी सामने नहीं आई है। फिलहाल मृतक के परिवार की ओर से कानूनी कार्रवाई के लिए कोई शिकायत नहीं दी गई है। पुलिस और प्रशासन की ओर से परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
