Punjab Borewell Rescue: पंजाब के होशियारपुर जिले के चक सवाना इलाके से एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। यहां एक खुले बोरवेल में गिरे तीन साल के मासूम बच्चे को प्रशासन, रेस्क्यू टीमों और स्थानीय लोगों की कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। बच्चे के सही-सलामत बाहर आते ही पूरे इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई और परिजनों के आंसू छलक पड़े।
सभी के सामूहिक प्रयासों से मिली सफलता
मासूम को सुरक्षित बाहर निकालने के बाद पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. नवजोत सिंह ने इस सफल रेस्क्यू ऑपरेशन पर खुशी जाहिर करते हुए कहा, "मैं ईश्वर को धन्यवाद देता हूं। सभी के सामूहिक प्रयासों और कड़ी मेहनत की बदौलत बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया है। उसे तुरंत चिकित्सीय देखभाल के लिए अस्पताल ले जाया जा रहा है, जहां डॉक्टर उसकी सेहत पर नजर रखेंगे।"
घंटों तक थमी रहीं सांसें
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस और बचाव दल की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गई थीं। बोरवेल के अंदर बच्चे की हलचल पर नजर रखने और उसे ऑक्सीजन पहुंचाने की व्यवस्था तुरंत की गई थी। इसके साथ ही जेसीबी (JCB) मशीनों की मदद से बोरवेल के समानांतर गड्ढा खोदने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया था। घंटों तक चले इस बेहद संवेदनशील और मुश्किल रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार रेस्क्यू टीम बच्चे तक पहुंचने में कामयाब रही।
सुरक्षित बाहर निकाले जाने के बाद एहतियात के तौर पर बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया है, ताकि उसकी पूरी मेडिकल जांच की जा सके। इस सफल रेस्क्यू ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर हौसला और सामूहिक प्रयास सही दिशा में हों, तो मौत के मुंह से भी जिंदगी को वापस लाया जा सकता है। होशियारपुर के SSP संदीप कुमार मलिक ने ऊपर वाले का शुक्रिया अदा करते हुए इस सफल ऑपरेशन के लिए फायर डिपार्मेंट, पुलिस, एनजीओ. रेस्क्यू टीमें और स्थानीय लोगों को भी धन्यवाद दिया। बच्चा फिलहाल सुरक्षित है और मेडिकल निगरानी में है।
