शहर

केरल में दर्दनाक हादसा, लॉरी से टकराने के बाद कार के उड़े परखच्चे, 5 लोगों की मौत

Kerala Road Accident: केरल में लक्कड़-कोझिकोड हाईवे पर अय्यप्पनकावु के पास एक कार की लॉरी से भीषण टक्कर हो गई। जिससे कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दो लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

Image

केरल में कार और लॉरी की भीषण टक्कर

Kerala Road Accident: केरल में पलक्कड़-कोझिकोड राष्ट्रीय राजमार्ग पर अय्यप्पनकावु के पास एक कार और लॉरी के बीच टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह हादसा मंगलवार रात 11 बजे हुआ। उसने बताया कि पलक्कड़ से आ रही कार की विपरीत दिशा से आ रही एक लॉरी से टक्कर हो गई। टक्कर के बाद कार लॉरी में फंस गई थी। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान के. के. विजेश (35), रमेश (31), विष्णु (30) और मोहम्मद अफसल (17) के रूप में हुई है। एक शव की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस के अनुसार विजेश ऑटो-रिक्शा चालक है।

तीन लोगों की मौके पर मौत

पुलिस ने बताया कि कार में सवार पांच लोगों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य को पलक्कड़ जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन आपातकालीन वार्ड में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। शवों को पलक्कड़ जिला अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस को संदेह है कि भारी बारिश के कारण कार चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और कार कोयंबटूर की ओर जा रही लॉरी से टकरा गई।

वाहन को काटकर लोगों को बाहर निकाला

पुलिस ने बताया कि इस हादसे में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और वाहन को काटकर लोगों को बाहर निकाला गया। उसने बताया कि इस हादसे में लॉरी चालक को मामूली चोट आई हैं। वह तमिलनाडु का निवासी है। इस दुर्घटना के मद्देनजर राजनीतिक दलों ने पलक्कड़ विधानसभा उपचुनाव के लिए चुनाव-प्रचार अभियान बुधवार दोपहर तक स्थगित कर दिया है।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article