शहर

जम्मू-कश्मीर के बाद अब लद्दाख की बारी, पांच नए जिले बनाए गए; जानें सबके नाम

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार ने केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में पांच नए जिलों की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही उम्मीद की जा रही है कि जिस तरह से केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव कराए जा रहे हैं, वैसे ही लद्दाख में भी जल्द चुनाव की घोषणा होगी।

Image

लद्दाख में पांच नए जिले बनाए गए

Photo : PTI

केंद्र सरकार ने पूर्व में जम्मू-कश्मीर राज्य का हिस्सा रहे लद्दाख को 31 अक्टूबर 2019 को एक अलग केंद्र शासित प्रदेश के रूप में मान्यता दी थी। तभी से लगातार लद्दाख को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग उठ रही है। इस बीच केंद्र सरकार ने लद्दाख में पांच नए जिले बनाने का निर्णय लिया है। बता दें कि इससे पहले केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव की घोषणा हो चुकी है। लद्दाख में पांच नए जिले बनाए जाने से लद्दाख को भी पूर्ण राज्य का दर्जा मिलने की तरफ एक कदम माना जा रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पांच नए जिलों की घोषणा की है। स्वयं गृहमंत्री अमित शाह ने इस संबंध में सोशल मीडिया साइट X पर एक पोस्ट किया है। इस पोस्ट में उन्होंने लिखा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित और समृद्ध लद्दाख को ध्यान में रखते हुए गृह मंत्रालय ने केंद्र शासित प्रदेश में पांच नए जिले बनाने का निर्णय लिया है। जांस्कर, द्रास, शाम, नुब्रा और चांगथांग नाम से यह पांच जिले बनाए गए हैं। इससे शासन को मजबूत करके लोगों के दरवाजे तक सरकारी लाभ पहुंचाने में मदद मिलेगी।

ज्ञात हो कि भारत सरकार ने 5 अगस्त 2019 को तत्कालीन जम्मू-कश्मीर राज्य से अनुच्छेद 370 को हटा दिया था। इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अलग-अलग केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा दिया गया था। 31 अक्टूबर 2019 को लद्दाख को अलग केंद्र शासित प्रदेश का दर्जा मिला था। इसके साथ ही दोनों केंद्र शासित प्रदेशों में देश की संसद में में बने कई कानून लागू हो गए।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लद्दाख में पांच नए जिले बनाए जाने के गृह मंत्रालय के फैसले की सराहना की। उन्होंने इक कदम को बेहतर प्रशासन और समृद्धि की दिशा में उठाया गया कदम बताया। पीएम मोदी नेक कहा, इन नए जिलों पर अधिक ध्यान दिया जाएगा। सेवाएं और अवसर लोगों के करीब आएंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट किया, 'लद्दाख में पांच नए जिलों का निर्माण बेहतर शासन और समृद्धि की दिशा में एक कदम है।' उन्होंने इस अवसर पर लद्दाखवासियों को बधाई दी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article