होली 2026 के पर्व पर मध्य प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था हुई सख्त, प्रशासन ने बढ़ाई संवेदनशील इलाकों में सतर्कता

होली के पर्व को देखते हुए मध्य प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और प्रमुख शहरों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने नागरिकों को साइबर ठगी और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक सामग्री से दूर रहने की सलाह दी है। रंगों का यह उत्सव जहां बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, वहीं प्रशासन इसे शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से मनाने के लिए पूरी तरह तैयार है।

Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश में होली के मद्देनजर सुरक्षा प्रबंध कड़े कर दिए गए हैं। खासतौर पर भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर समेत प्रमुख शहरों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। हालांकि प्रदेश में होली का पर्व बुधवार को मनाया जाएगा, लेकिन राजधानी भोपाल में मंगलवार सुबह से ही सुरक्षा व्यवस्था सख्त नजर आने लगी। राज्य सरकार ने मंगलवार से सार्वजनिक अवकाश की घोषणा भी कर दी है। मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देशों के बाद प्रशासन ने संवेदनशील और अति संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने पर जोर दिया है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री ने 1 मार्च को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर त्योहार के दौरान शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

Madhya Pradesh Government Tightens Security Ahead of Holi Celebrations (Photo: ANI)

होली 2026 के पर्व पर मध्य प्रदेश सरकार ने बढ़ाई सुरक्षा (फोटो: ANI)

नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह

मध्य प्रदेश पुलिस ने होली के अवसर पर एक विशेष एडवाइजरी जारी कर नागरिकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पुलिस ने त्योहार के दौरान साइबर ठगी से बचने और सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट न करने की अपील की है। जारी निर्देशों में कहा गया है कि होली से जुड़ी कोई भी आपत्तिजनक, एडिट की गई या भ्रामक फोटो, वीडियो अथवा पोस्ट को साझा करना, प्रसारित करना या किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आगे बढ़ाना कानूनन अपराध है। पुलिस ने साफ किया है कि ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उनके विरुद्ध आपराधिक मामले दर्ज किए जाएंगे।

End of Feed