शहर

हिमाचल में सीजन की पहली बर्फबारी, बढ़ी ठंड; बारिश को लेकर छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने अचानक करवट ली है, जिससे सर्दियों की दस्तक महसूस की जा रही है। रोहतांग दर्रे और धौलाधार पर्वतमाला में सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। मौसम विभाग ने छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Image

हिमाचल में बर्फबारी के बाद मिलने लगी ठंड की आहट (सांकेतिक तस्वीर)

Himachal Pradesh Weather Update: हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में मौसम ने करवट ले ली है। रविवार सुबह रोहतांग दर्रे और धौलाधार पर्वतमाला समेत कई स्थानों पर सीजन की पहली ताजा बर्फबारी हुई, जिससे पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। अचानक बदले मौसम के कारण पहाड़ी राज्यों में सर्दियों की दस्तक महसूस की जाने लगी है।

रोहतांग दर्रे पर वाहनों की आवाजाही बंद

कुल्लू जिला प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर रोहतांग दर्रे पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। प्रशासन ने पर्यटकों और यात्रियों को सलाह दी है कि वे इस मार्ग से सफर करने से फिलहाल बचें। बर्फबारी और फिसलन के कारण सड़क पर आवागमन खतरनाक हो गया है।

बारिश, तूफान से जनजीवन प्रभावित

कांगड़ा जिले की धौलाधार पर्वतमालाओं में मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई है। आसपास के घाटी वाले इलाकों में बर्फीली हवाएं चल रही हैं, जिससे सर्द मौसम का एहसास बढ़ गया है। पहाड़ों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश ने सर्दियों की शुरुआती दस्तक को और मजबूत कर दिया है। शनिवार रात से हिमाचल के कई हिस्सों में तूफान, गरज-चमक और तेज बारिश का दौर जारी है। कई जगहों पर पेड़ गिरने और जनजीवन प्रभावित होने की खबरें सामने आई हैं। मौसम विभाग के अनुसार ओलिंडा में 29 मिमी, ब्राह्मणी में 26.4 मिमी, धर्मशाला में 25.5 मिमी, नांगल डैम में 23 मिमी, मलरांव में 22 मिमी, बिलासपुर में 20.4 मिमी, नैनादेवी में 18.1 मिमी और कांगड़ा में 18 मिमी बारिश दर्ज की गई। कुफरी, जोत, मुरारी देवी, सुंदरनगर, भुंतर, कांगड़ा और शिमला में गरज के साथ बारिश हुई, जबकि रिकांगपिओ, ताबो, बिलासपुर, हमीरपुर, सुंदरनगर और कुकुमसेरी में 30 से 61 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलीं।

छह जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

पूरे राज्य में न्यूनतम तापमान में एक से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। ताबो 3.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके बाद केलांग 3.6 डिग्री, कल्पा और कुकुमसेरी 6.2 डिग्री, जबकि कुफरी और नारकंडा 10 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज किए गए। मौसम विभाग ने छह अक्टूबर के लिए चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर और लाहौल-स्पीति जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में ओलावृष्टि, भारी से बहुत अधिक बारिश, गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।

बढ़ रही है पर्यटकों की आमद

मानसून की विदाई के बाद राज्य में पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हो रही है। बर्फबारी के बाद लोकप्रिय पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की भीड़ देखने को मिल रही है। हालांकि प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे मौसम को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतें। इस साल मानसून सीजन ने हिमाचल प्रदेश को भारी नुकसान पहुंचाया। राज्य को 4800 करोड़ रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ। कई जगहों पर सड़कें, पुल और अन्य बुनियादी ढांचा बुरी तरह प्रभावित हुआ था। अब मौसम में बदलाव के साथ राज्य में सर्दियों का मौसम तेजी से दस्तक दे रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article