शहर

VIDEO: शिमला के घनाहट्टी में पलटी भारी-भरकम मशीन, हाइवे पर लगा कई किलोमीटर लंबा जाम

Himachal News: हिमाचल प्रदेश में शिमला के घनाहट्टी में कंडा रोड क्रॉसिंग के पास नेशनल हाईवे-205 (NH-205) पर एक बड़ी L&T JCB मशीन अचानक पलट गई। इस हादसे के कारण हाईवे दोनों तरफ से पूरी तरह ब्लॉक हो गया और कई घंटों तक लंबा जाम लगा रहा।

Himachal News: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के घनाहट्टी क्षेत्र से रविवार सुबह एक बड़े हादसे और लंबे ट्रैफिक जाम की खबर सामने आई है। यहां कंडा रोड क्रॉसिंग के पास नेशनल हाईवे-205 (NH-205) पर एक बड़ी L&T JCB मशीन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। रविवार की छुट्टी के बावजूद इस हादसे के कारण हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं और देखते ही देखते यातायात पूरी तरह ठप हो गया।

परीक्षा देने जा रहे छात्र और अभिभावक हुए सबसे ज्यादा परेशान

इस भीषण जाम (Shimla Ghanahatti highway accident) का सबसे बुरा असर उन छात्र-छात्राओं पर पड़ा, जो रविवार को विभिन्न प्रतियोगी और अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं में शामिल होने के लिए अपने परीक्षा केंद्रों की तरफ जा रहे थे। मार्ग पूरी तरह बंद होने के कारण गाड़ियां जहां की तहां थम गईं।

समय से परीक्षा केंद्र न पहुंच पाने के डर से कई छात्र और उनके माता-पिता सड़क पर बेहद चिंतित और बेबस नजर आए। वहीं कई आम यात्रियों को भी घंटों तक इस भीषण जाम में फंसे रहकर भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

मशीन के पलटते ही मची चीख-पुकार

स्थानीय चश्मदीदों के मुताबिक, मशीन के पलटते ही चीख-पुकार मच गई थी और रास्ता पूरी तरह ब्लॉक हो गया था। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी भी व्यक्ति के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की कोई सूचना नहीं है। एक बड़ा जानी नुकसान होने से बाल-बाल बच गया।

पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें मौके पर मौजूद

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और संबंधित विभाग की टीमें क्रेन के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गईं। सड़क के बीच से भारी-भरकम मशीन को हटाने और हाईवे को दोबारा खोलने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस मार्ग पर आने के बजाय वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article