शहर

Mathura: वृंदावन नाव हादसे में मृतक की संख्या बढकर 13, यमुना में मिले दो और शव; सर्च ऑपरेशन जारी

मथुरा के वृंदावन में नाव पलटने से हुए हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है, जबकि कुछ अब भी लापता हैं। NDRF और SDRF की टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

Photo : iStock

Mathura Yamuna Accident: मथुरा में हुए यमुना हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। सर्च ऑपरेशन के दौरान नदी से दो लोगों के शव और बरामद हुए हैं। यह हादसा शुक्रवार दोपहर को वृंदावन में यमुना नदी में हुआ था, जहां पर्यटकों से भरी नाव पलट गई। बताया जा रहा है इस नाव में मुख्य रूप से पंजाब से आए श्रद्धालु सवार थे। हादसे में कुछ लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

तेज हवाओं से बिगड़ा नाव का संतुलन

जानकारी के अनुसार, यह हादसा केसी घाट के पास हुआ, जहां नाव गहरे पानी में जाने के बाद एक तैरते हुए पोंटून से टकराकर पलट गई। बताया जा रहा है कि वहां से हाल ही में एक पोंटून पुल हटा दिया गया था, जिसके कुछ हिस्से नदी में ही रह गए थे। जिनसे टकराने के बाद नाव पानी में डूब गई।स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के समय तेज हवाएं भी चल रही थीं, जिससे नाव का संतुलन बिगड़ गया।

जिला प्रशासन के अनुसार, अब तक करीब 16-17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। हालांकि नाव में कुल कितने लोग सवार थे, इसकी सटीक जानकारी अभी नहीं मिल पाई है। बताया जा रहा है कि नाव में सवार सभी लोग पंजाब के लुधियाना और मुक्तसर से आए एक बड़े तीर्थयात्री समूह का थे, जो वृंदावन दर्शन के लिए आए थे।

पंजाब और यूपी के सीएम ने जताया शोक

हादसे के बाद पुलिस, SDRF, PAC, फायर ब्रिगेड, नागरिक सुरक्षा टीम और स्थानीय गोताखोर मिलकर सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। NDRF की टीमों को भी मौके पर लगाया गया है। प्रशासन के अनुसार लापता लोगों की तलाश तेजी से की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है और अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी पीड़ितों को हर संभव मदद देने का भरोसा दिया है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article