शहर

भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच कच्छ में हाई अलर्ट, प्रशासन ने दी घर के अंदर रहने की सलाह

गुजरात के कच्छ में प्रशासन ने परामर्श जारी कर लोगों को सलाह दी है कि वे घर के अंदर रहे और अनावश्यक रूप से बाहर न निकले। साथ ही किसी भी अफवाह पर भरोसा न करने को भी कहा गया है। इससे पहले शुक्रवार रात को गुजरात के कच्छ समते तीन जिलों में ब्लैकआउट किया गया था।

Image

Meta AI

High Alert in Gujarat: भारत और पाकिस्तान के मध्य जारी तनाव के बीच गुजरात के कच्छ में प्रशासन ने लोगों को घरों के अंदर रहने की सलाह दी है। साथ ही उन्हें बेवजह घर से बाहर न निकलें को भी कहा है। गुरुवार और शुक्रवार रात को कच्छ और गुजरात के दो अन्य जिलों में ‘ब्लैकआउट’ किया गया था।जिसके बाद प्रशासन ने यह परामर्श जारी किया।

अफवाहों पर न दें ध्यान

कच्छ के जिलाधिकारी ने शनिवार सुबह प्रशासन के आधिकारिक ‘एक्स’ अकाउट पर लिखा, ‘‘सभी नागरिक घरों के अंदर रहें। घरों से अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। घबराएं नहीं।’’ सेना ने शुक्रवार को बताया कि जिला मुख्यालय भुज पाकिस्तान से लगी नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित उन 26 स्थानों में से एक है जहां ड्रोन देखे गए थे। कच्छ जिले में ‘ब्लैकआउट’ किया गया था तथा भारत-पाकिस्तान सीमा के नजदीक स्थित बनासकांठा और पाटन जिलों के कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई। उन्होंने बताया कि पाटन के संतालपुर तालुका की सीमा से लगे कुछ गांवों में ‘ब्लैकआउट’ किया गया।

सीएम ने सशस्त्र बलों से की मुलाकात

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शुक्रवार को सशस्त्र बलों के अधिकारियों से मुलाकात की और उन्हें आश्वासन दिया कि उन्हें राज्य में अपने अभियान चलाने में किसी भी कठिनाई का सामना नहीं करना पड़ेगा। गृह राज्य मंत्री हर्ष संघवी ने शुक्रवार को गांधीनगर में बातचीत के बाद कहा कि इस बैठक का उद्देश्य सरकारी विभागों और राज्य में सक्रिय सशस्त्र एवं अर्धसैनिक बलों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना था। उन्होंने बताया कि पुलिस और सीमावर्ती जिलों के जिलाधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ कर्मचारी और थलसेना, नौसेना, वायु सेना, सीमा सुरक्षा बल और तटरक्षक बल के अधिकारी बैठक में शामिल हुए।

पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकवादी हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा मंगलवार देर रात को पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में आतंकवादियों के ठिकानों को निशाना बनाकर किए गए सटीक हमलों के बाद दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव काफी बढ़ गया है। पाकिस्तान ने शुकवार को लगातार दूसरी रात जम्मू कश्मीर से लेकर गुजरात तक 26 स्थानों पर ड्रोन हमले किए तथा रक्षा मंत्रालय ने कहा कि दुश्मन द्वारा हवाई अड्डों और एयरबेस सहित महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों पर किए गए हमलों को विफल कर दिया गया। पाकिस्तान द्वारा यह ताजा हमला ऐसे समय में हुआ जब एक दिन पहले ही भारत ने पाकिस्तानी सेना द्वारा ड्रोन और मिसाइल के जरिए भारतीय सैन्य प्रतिष्ठानों पर हमला करने के प्रयासों को विफल कर दिया था।

(इनपुट - भाषा)

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article