शहर

Himachal Rain: हिमाचल में भारी बारिश-ओलावृष्टि, चंबा में बाढ़; जल के सैलाब में बह गए 150 मवेशी; शख्स की मौत

Himachal Rain: हिमाचल में मौसम खराब होने के बाद तेज आंधी और बारिश का दौर जारी है। चंबा के गांव में बाढ़ आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और करीब 150 मवेशी बह गए। उधर, शिमला और आसपास के इलाकों में ओलावृष्टि से भारी नुकसान हुआ है।

Image

हिमाचल में बारिश (फाइल फोटो)

Himachal Rain: हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में बारिश के कारण आई बाढ़ में एक व्यक्ति की मौत हो गई और लगभग 150 मवेशी बह गए। शिमला स्थित मौसम विभाग ने बताया कि शनिवार शाम पांच बजे से 24 घंटे के दौरान राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। नेरी में 44.5 मिमी बारिश हुई, इसके बाद जोत (37 मिमी), नगरोटा सूरियां (24.8 मिमी), नारकंडा (25 मिमी), भरमौर (22 मिमी), सुजानपुर टीरा (21.6 मिमी), मंडी (20.4 मिमी) और रोहड़ू (20 मिमी) में बारिश हुई। पर्यटन नगरों कुफरी, शिमला, चंबा, कांगड़ा, डलहौजी, मनाली और धर्मशाला में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

शिमला में ओलावृष्टि

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने चेली गांव के निकट डोंडरा नाले में एक व्यक्ति की मौत पर दुख व्यक्त किया और कहा कि सरकार उसके परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करेगी। इस बीच, शिमला और आसपास के इलाकों में तेज ओलावृष्टि हुई। ओलावृष्टि के साथ गरज के साथ बारिश हुई। रिकांग पिओ, बिलासपुर और नेरी में तेज हवाएं चलीं, जबकि कोटगढ़ और ऊपरी शिमला क्षेत्र के अन्य हिस्सों में ओलावृष्टि हुई। कांगड़ा, पालमपुर, बैजनाथ, जुब्बारहट्टी, जोत और सुंदरनगर में भी गरज के साथ बारिश हुई।

मौसम विभाग ने आठ मई तक पूरे राज्य में हल्की से मध्यम गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने और 30-50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलने की 'ऑरेंज' और 'येलो' चेतावनी जारी की है। जनजातीय लाहौल और स्पीति का केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां रात का तापमान 4.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ऊना सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री दर्ज किया गया।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article