शहर

Rain Alert: शुक्रवार 17 जनवरी को यहां होगी भारी बारिश, बाहर निकलने से पहले वॉर्निंग पढ़ लें

14 जनवरी की रात सक्रिय हुए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण बुधवार 15 जनवरी से ही उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश हो रही है। 18 जनवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस दस्तक दे सकता है। इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में देश के कुछ इलाकों में भारी बारिश की चेतावनी दी है।

Image

मौसम विभाग ने दी चेतावनी

Photo : PTI

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में शीत लहर का प्रकोप कुछ कम जरूर हुआ है, लेकिन ठंड अब भी बनी हुई है। विशेष तौर पर दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, उत्तरी राजस्थान, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश ने ठंड और चिंता दोनों बढ़ा दी हैं। कुछ पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी भी हुई है, जिससे पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं। देश की राजधानी दिल्ली के ही कई इलाकों में देर रात से गुरुवार सुबह तक 3.9 से 10.1 मिलीमीटर तक बारिश दर्ज की गई है। आने वाले 24 घंटे में मौसम का क्या हाल रहेगा और कहां-कहां बारिश हो सकती है, चलिए जानते हैं -

दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बुधवार देर शाम ही रुक-रुक कर बारिश का दौर गुरुवार सुबह तक जारी रहा। हालांकि, गुरुवार सुबह कोहरे का ज्यादा असर देखने को नहीं मिला। बारिश के चलते कोहरे और प्रदूषण में भी कुछ राहत देखने को मिली। मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार 16 जनवरी को हल्की बारिश और घने कोहरे के साथ आसमान में बादल छाए रहने की भविष्यवाणी की है। विशेष तौर पर दिल्ली-एनसीआर के तापमान में बढ़ोतरी का ट्रेंड देखने को मिल रहा है। आज अधिकतम तापमान 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री रहने का अनुमान है।

17 को दिल्ली में होगी बारिश?

14 जनवरी की रात एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है, जिसके कारण बुधवार 15 जनवरी से आज 16 जनवरी तक उत्तर भारत के कई इलाकों में बारिश का दौर शुरू हुआ है। शुक्रवार 17 जनवरी को भी सुबह के समय कोहरा छाए रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार दिनभर बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान में आज के मुकाबले दो डिग्री की बढ़ोतरी होकर 19 डिग्री पहुंचने का अनुमान है। जबकि न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री गिरकर 8 डिग्री रह सकता है।

यहां भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने गुरुवार सुबह 24 घंटे के लिए बुलेटिन जारी किया। इस दौरान मौसम विभाग ने अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह के कुछ पॉकेट्स में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, चंडीगढ़ और राजस्थान में घना कोहरा आज रात और शुक्रवार सुबह भी रह सकता है। मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, अरुणाचल, असम, मेघालय, मणिपुर, मिजोरम में भी कोहरे की संभावना है। यही नहीं पश्चिमी राजस्थान में आज थंडरस्टॉर्म घटनाएं हो सकती हैं।

एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस

मौसम विभाग ने कल यानी बुधवार 15 जनवरी के अपने बुलेटिन में बताया कि एक और वेस्टर्न डिस्टर्बेंस 18 जनवरी से पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। इसका मतलब है कि शनिवार 18 जनवरी से एक बार फिर बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो सकता है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article