देश के उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत के हिस्सों में भीषण गर्मी का प्रकोप लगातार बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग के ताजा टेम्प्रेचर मैप के अनुसार 28 और 29 मई 2026 को देश के कई राज्यों में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी ऊपर रिकॉर्ड किया गया है। कल यानी गुरुवार 28 मई को राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और विदर्भ क्षेत्र सबसे ज्यादा गर्म इलाकों में शामिल रहे।
सामान्य से 5-8 डिग्री ऊपर तापमान
जारी किए गए हीटमैप के अनुसार पश्चिमी और मध्य भारत के बड़े हिस्सों में अधिकतम तापमान लगातार 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड हुआ। राजस्थान और मध्य भारत के कई इलाकों में लाल और गहरे भूरे रंग से चिह्नित क्षेत्र यहां अत्यधिक गर्मी और हीटवेव की स्थिति की ओर इशारा कर रहे हैं। वहीं दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी तापमान सामान्य से 5 से 8 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया गया।
रात के तापमान में गिरावट
हालांकि, न्यूनतम तापमान के आंकड़ों में कुछ राज्यों में हल्की राहत देखने को जरूर मिली है। आज यानी शुक्रवार 29 मई के न्यूनतम तापमान मानचित्र में पूर्वी भारत, मध्य प्रदेश और दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में तापमान सामान्य से नीचे रिकॉर्ड हुआ है। इससे रात के समय लोगों को भीषण गर्मी से थोड़ी राहत मिलने की संभावना बनी है। लेकिन, दिन के समय तेज धूप और गर्म हवाओं का असर अब भी बरकरार है।
शहरों में हीट आइलैंड इफेक्ट दिख रहा
मीन टेम्परेचर यानी औसत तापमान के आंकड़े भी यह संकेत दे रहे हैं कि देश के अधिकांश हिस्सों में गर्मी का दबाव सामान्य से ज्यादा बना हुआ है। उत्तर-पश्चिम भारत में औसत तापमान सबसे ज्यादा रिकॉर्ड किया गया। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि लगातार बढ़ते शहरीकरण, कंक्रीट संरचनाओं और हरित क्षेत्र में कमी के कारण 'हीट आइलैंड इफेक्ट' तेजी से बढ़ रहा है, जिससे शहरों में तापमान अधिक महसूस हो रहा है।

भीषण गर्मी का प्रकोप हीट मैप में भी दिख रहा
खूब पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की सलाह
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को इस दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। साथ ही पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और हल्के कपड़े पहनने की भी सलाह है।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में आंधी और हल्की बारिश हो सकती है। इससे तापमान में मामूली गिरावट आने की संभावना है, लेकिन फिलहाल देश के बड़े हिस्से में गर्मी से राहत के आसार कम नजर आ रहे हैं।
