Hathras Double Murder: हाथरस के सादाबाद क्षेत्र में दंपती की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने महज 72 घंटे के अंदर खुलासा करने का दावा किया है। एसओजी, एंटी थेफ्ट टीम और थाना सादाबाद पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मृतक की दूसरी पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश संपत्ति हासिल करने के लिए रची गई थी। वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, 26 और 27 सितंबर की दरमियानी रात थाना सादाबाद क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामनगर में शम्सुद्दीन और उनकी पहली पत्नी सीमा उर्फ सहो की घर के अंदर धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई थी। हमलावर घर की अलमारी और बक्सों को खंगालकर आभूषण, नकदी और अन्य सामान भी ले गए थे। मामले में मृतक के भाई शेर मोहम्मद की तहरीर पर 27 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था।
हाथरस के सादाबाद में दंपती हत्याकांड का 72 घंटे में खुलासा
सात पुलिस टीमों ने शुरू की जांच
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सात पुलिस टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम की मदद ली। आसपास के रास्तों और संभावित आवागमन वाले स्थानों पर लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गतिविधियों की पड़ताल की गई। पुलिस ने घटनास्थल से मिले फुटप्रिंट समेत अन्य सबूतों की भी जांच की। सीसीटीवी फुटेज से मिले संदिग्ध की तस्वीर को तकनीकी माध्यमों से जांचे जाने के बाद उसकी पहचान आगरा के थाना सिकंदरा के हिस्ट्रीशीटर के रूप में होने की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों की तलाश तेज कर दी।
तीन आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, 30 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान आगरा-हाथरस मार्ग पर बंद पड़े बंबा के पास मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान संजय और चीनू प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ गंगा सिंह के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने घटना में शामिल मृतक की दूसरी पत्नी सीमा को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से आभूषण, नकदी, घड़ी और अन्य सामान बरामद हुआ।दूसरी पत्नी ने रची हत्या की साजिश
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतक शम्सुद्दीन की दूसरी पत्नी सीमा पर पति और उसकी पहली पत्नी की हत्या की साजिश रचने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक, सीमा ने कथित तौर पर पति की मौत के बाद संपत्ति उसके नाम आने पर गौरव को 20 लाख रुपये देने का वादा किया था। पुलिस के अनुसार, इस योजना में संजय, चीनू प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ गंगा सिंह तथा उदयवीर उर्फ नत्थो को शामिल किया गया। आरोपियों ने कई बार घटनास्थल की रेकी की, लेकिन मौके नहीं मिलने के कारण वारदात को अंजाम नहीं दे सके। इसके बाद 26 और 27 सितंबर की दरमियानी रात वारदात को अंजाम देने की योजना बनाई गई। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वारदात वाली रात चारों आरोपी सीमा के पास पहुंचे। सीमा ने योजना के अनुसार दूसरे मकान में रह रहे अपने पति शम्सुद्दीन के घर का दरवाजा खुलवा दिया। इसके बाद आरोपी घर में दाखिल हो गए।
मोटरसाइकिल से फरार हो गए आरोपी
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने शम्सुद्दीन पर हमला किया। इसी दौरान कमरे से बाहर आई पहली पत्नी सीमा उर्फ सहो ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। दोनों की मौत के बाद आरोपियों ने घर की अलमारी और बक्सों को खंगाला तथा आभूषण, नकदी और घड़ी आदि सामान लेकर मोटरसाइकिल से फरार हो गए। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि हत्या में इस्तेमाल छुरा वारदात के बाद मृतक के घर से कुछ आगे हाथरस की ओर खाली पड़ी जगह में पीपल के पेड़ के नीचे छिपा दिया गया था। खून से सने कपड़े पास खड़ी मूंज की फसल में फेंक दिए गए थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हथियार, खून से सने कपड़े और अन्य सामान बरामद किया। बरामदगी की वीडियोग्राफी भी कराई गई।
अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी
पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से एक छुरा, एक चाकू, घटना में प्रयुक्त नीले रंग की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, घड़ी तथा अन्य सामान बरामद किया गया। बरामद नकदी में 4,020 रुपये शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में संजय पुत्र स्वर्गीय मुंशीलाल बघेल, चीनू प्यारे उर्फ रामप्रकाश उर्फ गंगा प्रसाद तथा सीमा पत्नी शम्सुद्दीन शामिल हैं। पुलिस ने संजय को थाना सिकंदरा, आगरा का हिस्ट्रीशीटर बताते हुए उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी है। पुलिस ने बताया कि घटना में शामिल अन्य संदिग्धों की भूमिका की जांच जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
