'टटीरी' गीत पर हरियाणा पुलिस का शिकंजा और कसा, 857 लिंक हटाए गए; उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

हरियाणा पुलिस ने विवादित गाने 'Tateeree' के खिलाफ बड़ा एक्शन लेते हुए 857 सोशल मीडिया लिंक हटा दिए हैं। डीजीपी अजय सिंघल ने चेतावनी दी है कि महिलाओं और नाबालिगों के प्रति आपत्तिजनक कंटेंट शेयर करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और अकाउंट ब्लॉक किए जाएंगे।

आपत्तिजनक गीत 'टटीरी' के खिलाफ हरियाणा पुलिस ने अपनी कार्रवाई को और तेज करते हुए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर व्यापक स्तर पर सख्ती दिखाई है। पंचकूला पुलिस द्वारा जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार अब तक इस गीत से जुड़े कुल 857 लिंक हटवाए जा चुके हैं, जिनमें 154 यूट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील्स शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ समन्वय स्थापित कर कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है, जिसके तहत संबंधित प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर गीत के सभी वर्जन री-अपलोड, शॉर्ट वीडियो और अन्य रूपों को हटाने के निर्देश दिए गए हैं। यह कदम विशेष रूप से उन आपत्तिजनक सामग्रियों पर रोक लगाने के लिए उठाया गया है, जिनमें महिलाओं और नाबालिगों के प्रति अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया गया है।

tateeree ban

सोशल मीडिया से गाने के लिंक हटवाए गए

पुलिस ने की सख्ती

हरियाणा के पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल ने कहा कि राज्य में महिलाओं और नाबालिगों की गरिमा के विरुद्ध किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक कंटेंट को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और “Tateeree” जैसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने बताया कि डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी और प्रवर्तन को और मजबूत किया गया है, ताकि समाज में सकारात्मक संदेश जाए और कानून का पालन सुनिश्चित हो। डीजीपी ने यह भी कहा कि हरियाणा सरकार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सुरक्षित और जिम्मेदार डिजिटल वातावरण बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा इस दिशा में पुलिस और प्रशासन मिलकर निरंतर प्रभावी कदम उठा रहे हैं।

End of Feed