NEET Paper Leak Row: हरियाणा के कुरुक्षेत्र से कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन की खबरें सामने आ रही हैं। नीट पेपर लीक को लेकर यूथ कांग्रेस ने शनिवार को कुरुक्षेत्र में विरोध प्रदर्शन का आयोजन किया। इस प्रदर्शन में कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा भी शामिल हुए। ऐसे में जब दीपेंद्र हुड्डा और यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता मुख्यमंत्री आवास की तरफ बढ़ रहे थे तो बैरिकेड लगातार उन्हें रोका गया।
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा (फोटो साभार: @DeependerSHooda)
वाटर कैनन का हुआ इस्तेमाल
सुरक्षाकर्मियों की बैरिकेडिंग के बावजूद जब प्रदर्शनकारी रुके नहीं तो भीड़ को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया गया। समाचार एजेंसी पीटीआई ने इससे जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी किया, जिसमें देखा जा सकता है कि कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा पर पानी की बौछार हो रही है। इसके बावजूद वह डटे हुए हैं और अपनी जगह से हिलने का नाम भी नहीं ले रहे हैं।
धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो के लगे नारे
एक तरफ, सुरक्षाकर्मी पानी की बौछार करते रहे और दूसरी तरफ यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता लगातार 'धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दो' के नारे लगा रहे थे। इस दौरान, दीपेंद्र हुड्डा ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और कहा कि हम अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
हम नहीं हटेंगे पीछे: दीपेंद्र हुड्डा
समाचार एजेंसी पीटीआई के साथ बातचीत में दीपेंद्र हुड्डा ने कहा, ''अगर सरकार सोचती है कि हम पर पानी की बौछार करेगी तो हम पीछे हट जाएंगे, तो वह गलत हैं। हम पीछे नहीं हटेंगे। जब तक धर्मेंद्र प्रधान जी इस्तीफा नहीं देते और जब तक देश के युवाओं को धोखा देने वालों को पकड़ा नहीं जाता, हम एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे। प्रशासन दमन कर रहा है, लेकिन हम अपना संघर्ष जारी रखेंगे।"
दीपेंद्र हुड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन की तस्वीरें भी साझा कीं। उन्होंने कहा, ''हमने हजारों युवा साथियों के साथ मिलकर नीट पेपर लीक, परीक्षाओं में गड़बड़ी और भर्ती प्रक्रिया में युवाओं के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया।''
