MY Bharat Youth Convention 2026: राजधानी दिल्ली के त्यागराज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित ‘Youth for Viksit Bharat: MY Bharat Youth Convention’ में देशभर से आए 6,000 से अधिक युवाओं ने विकसित भारत के संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्री मनसुख मंडाविया और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने युवाओं को 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की मुहिम का नेतृत्व करने का आह्वान किया।
युवा हैं देश की सबसे बड़ी ताकत
केंद्रीय मंत्री डॉ. मांडविया ने कहा कि भारत की लगभग 65 प्रतिशत आबादी 35 वर्ष से कम आयु की है और यही देश की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप, खेल, उद्यमिता, नवाचार और रचनात्मक क्षेत्रों में भारतीय युवा दुनिया में देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने युवाओं से MY Bharat के स्वयंसेवी और राष्ट्र निर्माण कार्यक्रमों से जुड़ने की अपील भी की। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि भारत का युवा मेहनती, रचनात्मक और दूरदर्शी है तथा उसकी हर उपलब्धि विकसित भारत के लक्ष्य को मजबूत करती है। उन्होंने खेल, उद्यमिता, कला और सार्वजनिक सेवा में युवाओं की उपलब्धियों की सराहना की।
इन हस्तियों ने किया युवाओं से संवाद
कार्यक्रम में गायिका एवं विधायक मैथिली ठाकुर, अभिनेता विक्रांत मैसी, उद्यमी अमन गुप्ता और क्रिकेटर जितेश शर्मा ने भी युवाओं से संवाद किया। वक्ताओं ने डिजिटल क्रिएटर इकोनॉमी, स्टार्टअप संस्कृति और खेलों में बढ़ते अवसरों पर अपने अनुभव साझा किए। सम्मेलन के समापन पर युवाओं ने ‘विकसित भारत संकल्प’ लिया और 2047 तक आत्मनिर्भर, समावेशी और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का वादा किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कही ये बात
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने एक्स पर लिखा कि, "Youth for Viksit Bharat - MY Bharat Youth Convention में केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया जी के साथ सम्मिलित हुई। यहां हजारों की संख्या में उपस्थित युवाओं का उत्साह ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति है। आज सम्मानित हुई सभी युवा प्रतिभाओं को हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आपको जो अवसर और मंच दिए हैं, उन्हें अपनी प्रतिभा, परिश्रम और इनोवेशन से नई उपलब्धियों में बदलना है। आपकी सफलता ही विकसित भारत की सफलता है।
