शहर

हरियाणा में बिजली की मांग ने रचा नया इतिहास, एक दिन में 31 करोड़ यूनिट से ज्यादा खपत

Haryana Power Consumption Record: भीषण गर्मी और खेती के सीजन के चलते हरियाणा में शनिवार को बिजली की मांग ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। राज्य में एक ही दिन में कुल 3,135.42 लाख यूनिट बिजली की खपत दर्ज की गई। पिछले साल के मुकाबले इस बार बिजली की मांग में 37 प्रतिशत तक की भारी बढ़ोतरी देखी गई है।

Image

हरियाणा में बिजली का रिकॉर्ड

Photo : iStock

Haryana Power Consumption Record: उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी और खेतों में फसलों की सिंचाई के चलते हरियाणा में बिजली की मांग ने पुराने सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए हैं। शनिवार (18 जुलाई) को राज्य में बिजली की अधिकतम मांग अपने ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई। आंकड़ों के मुताबिक, इस एक दिन में पूरे राज्य के उपभोक्ताओं ने कुल 3,135.42 लाख यूनिट बिजली (Haryana Electricity Demand 2026) का इस्तेमाल किया।

हरियाणा के ऊर्जा मंत्री अनिल विज (Anil Vij) ने रविवार को इस संबंध में एक आधिकारिक बयान जारी कर विभाग की पीठ थपथपाई। उन्होंने बताया कि राज्य की दोनों प्रमुख बिजली वितरण कंपनियों उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (UHBVN) और दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) ने इस अप्रत्याशित मांग को बिना किसी तकनीकी खराबी या बड़े कट के सफलतापूर्वक पूरा किया। ऊर्जा मंत्री ने कहा कि यह इस बात का सीधा सबूत है कि राज्य का बिजली इन्फ्रास्ट्रक्चर आज बेहद मजबूत स्थिति में है।

हैरान कर देने वाली बढ़ोतरी

अगर आंकड़ों पर गहराई से नजर डालें, तो शनिवार को हुई कुल खपत में से यूएचबीवीएन (उत्तर हरियाणा) के अधिकार क्षेत्र में 1,371.72 लाख यूनिट बिजली की खपत हुई। वहीं, डीएचबीवीएन (दक्षिण हरियाणा) के इलाकों में यह मांग कहीं ज्यादा यानी 1,763.70 लाख यूनिट दर्ज की गई।

बिजली की खपत करीब 25.85 फीसदी बढ़ी

पिछले साल के मुकाबले इस बार बिजली की मांग में हैरान करने वाली बढ़ोतरी देखी गई है। ऊर्जा मंत्री के अनुसार, पिछले साल ठीक इसी दिन की तुलना में उत्तर हरियाणा में बिजली की खपत करीब 25.85 प्रतिशत बढ़ी है। वहीं, दक्षिण हरियाणा के जिलों में तो यह उछाल और भी बड़ा रहा, जहां मांग में 37.56 प्रतिशत की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

विशेषज्ञों का कहना है कि घरों में एसी-कूलर के लगातार चलने और ग्रामीण इलाकों में किसानों द्वारा ट्यूबवेल व अन्य कृषि उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल की वजह से लोड अचानक बढ़ा है। इस भारी दबाव के बीच भी राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखना बिजली विभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article