शहर

एक लड़की से बातचीत बनी मौत की वजह! करनाल में 14 साल के होनहार क्रिकेटर की बेरहमी से हत्या, दो नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार

Karnal Murder Case: करनाल के धौलगढ़ गांव में 14 वर्षीय क्रिकेटर प्रतीक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी दलजीत और उसके दो नाबालिग साथियों को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है।

Image

करनाल हत्याकांड

Photo : Times Now Digital

Karnal Murder Case: हरियाणा के करनाल जिले के धौलगढ़ गांव से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां महज 14 साल के होनहार छात्र और उभरते हुए क्रिकेट खिलाड़ी प्रतीक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए वारदात के महज 12 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी दलजीत और उसके दो नाबालिग साथियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड के पीछे की वजह एक लड़की से दोस्ती और पुरानी रंजिश बताई जा रही है।

डीएसपी संदीप कुमार ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मुख्य आरोपी दलजीत की स्कूल में पढ़ने वाली एक लड़की से दोस्ती थी। वह लड़की मृतक प्रतीक की सहपाठी (क्लासमेट) थी। प्रतीक भी उस लड़की से बातचीत करना चाहता था, जिसे लेकर करीब छह महीने पहले भी दलजीत और प्रतीक के बीच तीखी बहस हुई थी।

उस समय तो मामला शांत हो गया था, लेकिन हाल ही में प्रतीक की दोबारा उस लड़की से बातचीत होने लगी। यह बात दलजीत को नागवार गुजरी और उसने अपने दो नाबालिग दोस्तों के साथ मिलकर प्रतीक को रास्ते से हटाने की खौफनाक साजिश रच डाली।

रास्ते में रोककर लाठी-डंडों से किया हमला

वारदात वाले दिन प्रतीक उचाना के हनुमान मंदिर से प्रसाद लेकर बाइक पर अपने गांव धौलगढ़ लौट रहा था। तभी खेतों के पास घात लगाकर बैठे दलजीत और उसके साथियों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने प्रतीक पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आने के कारण प्रतीक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इकलौते बेटे की इस तरह बेरहमी से हुई हत्या के बाद पूरे इलाके में मातम और गुस्से का माहौल है।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई और रिमांड

हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आई। सीआईए और सदर थाने की संयुक्त टीम ने मिलकर त्वरित कार्रवाई की और 12 घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस मुख्य आरोपी दलजीत को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि हत्या में इस्तेमाल की गई बाइक और लाठी-डंडे बरामद किए जा सकें।

वहीं, दोनों नाबालिग आरोपियों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। महज 14 साल का प्रतीक पढ़ाई के साथ-साथ एक बेहतरीन क्रिकेट खिलाड़ी भी था, जिसने इसी साल राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई थी। एक मामूली रंजिश ने परिवार के चिराग और उसके सभी सपनों को हमेशा के लिए बुझा दिया।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article