शहर

अमृतसर में लड़की ने बॉयफ्रेंड को घर बुलाकर जिंदा जलाया! महिला मित्र समेत चार पर केस दर्ज

Amritsar Murder Case: अमृतसर के मजीठा में संदीप सिंह नामक युवक की उसकी महिला मित्र के घर पर आग में जलकर संदिग्ध मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के परिवार की शिकायत पर महिला मित्र राजविंदर सहित 4 लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

Image

अमृतसर मर्डर केस

Photo : Times Now Digital

Amritsar Murder Case: पंजाब के अमृतसर के मजीठा हलके (Majitha Youth Burnt Alive) से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक की आग में जलकर मौत हो गई। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। शुरुआती जांच में जहां इस घटना को प्रेम संबंधों से जोड़कर देखा जा रहा था, वहीं अब पुलिस ने इस मामले में नया मोड़ लेते हुए चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि युवक को योजना के तहत घर बुलाकर आग के हवाले किया गया।

पुलिस जांच के अनुसार, मृतक की पहचान पंडोरी वड़ैच निवासी संदीप सिंह के रूप में हुई है। संदीप सिंह और घटना स्थल पर रहने वाली महिला मित्र पहले मजीठा तहसील में एक साथ काम करते थे। वहीं से दोनों के बीच गहरी दोस्ती हुई, जो आगे चलकर प्रेम संबंधों में बदल गई। हालांकि, जब संदीप सिंह की शादी हुई, तो दोनों के रिश्तों में दरार आ गई और तनाव बढ़ने लगा। पुलिस का मानना है कि इसी आपसी विवाद के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया।

घटना वाले दिन क्या हुआ?

बताया जा रहा है कि घटना के दिन संदीप सिंह अपनी उसी महिला मित्र के घर गया था। घर के अंदर जाने के करीब 15 से 20 मिनट बाद ही अचानक वहां भीषण आग लग गई। इस आग की चपेट में आने से संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घर की मालकिन राजविंदर और उसका एक रिश्तेदार भी आग बुझाने की कोशिश में गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों घायलों को इलाज के लिए अमृतसर के गुरु नानक देव हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

मजीठा थाने के SHO कर्मपाल सिंह ने बताया कि मृतक संदीप के परिवार के बयानों के आधार पर महिला राजविंदर और उसके रिश्तेदार सहित कुल चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने अस्पताल में भर्ती घायल महिला के बयान भी दर्ज किए हैं। SHO का कहना है कि मौत की असली वजह का पूरी तरह से खुलासा पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस लव ट्रायंगल, पुरानी रंजिश और अन्य सभी एंगल से मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article