Haryana Private Bus Fire Accident: हरियाणा के मिलकपुर गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना हुई। हांसी-भिवानी मार्ग पर एक प्राइवेट बस में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते वह आग के गोले में बदल गई। इस हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। अचानक लगी आग से बस में सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा-तफरी फैल गई।
हांसी–भिवानी मार्ग पर दर्दनाक हादसा
आग ने पूरी बस को ले लिया अपनी चपेट में
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह निजी बस भिवानी से यात्रियों को लेकर हांसी की ओर जा रही थी। जैसे ही बस मिलकपुर गांव के पास पहुंची, अचानक उसका टायर फट गया। आशंका जताई जा रही है कि टायर का एक तेज धार वाला हिस्सा बस के फ्यूल टैंक से टकरा गया, जिससे टैंक क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
दो लोगों की जलकर मौके पर ही मौत
आग इतनी तेजी से फैल गई कि बस में सवार यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। इस हादसे में दो लोगों की जलकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से हांसी के नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।
मृतकों की पहचान जारी
मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है, जिसकी पहचान के लिए पुलिस यात्रियों के सामान और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर प्रयास कर रही है। घटना स्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई और बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी है।
