Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के टड़ियावा थाना क्षेत्र में स्थित रसूलापुर गांव के पास शारदा नहर में नहाने के दौरान तीन रिक्रूट कांस्टेबल डूब गए। इनमें से दो को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक अभी लापता है, जिसकी तलाश जारी है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस विभाग में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही एसपी, एएसपी और सीओ समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। लापता कांस्टेबल की खोज के लिए गोताखोरों के साथ-साथ एसडीआरएफ की टीम को भी लगाया गया है।
हरदोई की शारदा नहर में हादसा
एक कांस्टेबल हुआ लापता
हरदोई पुलिस लाइन से तीन रिक्रूट कांस्टेबल घरेलू सामान खरीदने के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में टड़ियावां थाना क्षेत्र के रसूलापुर गांव के पास बह रही शारदा नहर पर रुक गए। यहां वे कुछ स्थानीय दोस्तों के साथ नहाने लगे। इसी दौरान अचानक तीनों गहरे पानी में फंसकर डूबने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने दो कांस्टेबलों को किसी तरह सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन तेज बहाव के चलते गौरव उर्फ राजन लापता हो गया।
यह भी पढ़ें - Haridwar: गंगा में अचानक बढ़े जलस्तर ने बढ़ाई मुश्किलें, कबीर कुटीर घाट पर टापू में फंसे 21 लोगों की इस तरह बची जान
तलाश अभियान जारी
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अशोक कुमार मीणा, एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह और सीओ हरियावां अजीत चौहान मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य का निरीक्षण किया। पुलिस ने तुरंत गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू कराया, लेकिन देर शाम तक लापता कांस्टेबल का कोई सुराग नहीं मिल सका। अधिकारियों के मुताबिक, एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और तलाश अभियान जारी है।
यमुना नदी में हुए नाव हादसे में अब तक 13 की मौत
वहीं, वृंदावन में यमुना नदी में हुए नाव हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। तलाशी अभियान के दौरान नदी से दो और शव बरामद किए गए हैं। यह दुर्घटना शुक्रवार दोपहर उस समय हुई, जब पर्यटकों और श्रद्धालुओं से भरी एक नाव यमुना में पलट गई। बताया जा रहा है कि नाव में सवार अधिकांश लोग पंजाब से दर्शन के लिए आए थे। कुछ लोगों के अब भी लापता होने की आशंका है, जिनकी तलाश जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा केसी घाट के पास हुआ। नाव गहरे पानी में पहुंचने के बाद नदी में मौजूद एक तैरते पोंटून से टकरा गई, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। बताया जा रहा है कि हाल ही में यहां से एक पोंटून पुल हटाया गया था, लेकिन उसके कुछ अवशेष नदी में ही रह गए थे, जिनसे टकराकर यह दुर्घटना हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के समय तेज हवाएं भी चल रही थीं, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
जिला प्रशासन के मुताबिक अब तक करीब 16 से 17 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि नाव में सवार कुल लोगों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सभी यात्री पंजाब के लुधियाना और मुक्तसर से आए एक बड़े तीर्थयात्री समूह का हिस्सा थे, जो वृंदावन दर्शन के लिए पहुंचे थे। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
