Hapur Murder News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक हैरतअंगेज घटना सामने आई है। बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई को मौत के घाट उतार दिया। जानकारी के अनुसार बड़े भाई ने उसे मोबाइल चलाने से रोका था। इस बात पर दोनों भाइयों में विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। वहीं आरोपी छोटा भाई हत्या के बाद मौके से फरार हो गया।
हापुड़ में छोटे भाई ने की बड़े भाई की हत्या
मोबाइल को लेकर भाइयों में हुआ विवाद
मृतक की पहचान उमेश के तौर पर हुई है, जो अपनी पत्नी संगीता, दो छोटी बेटियों और अपने छोटे भाई दीपांशु के साथ एक घर में रहता था। गुरुवार देर शाम को जब उमेश घर वापस लौटा, तो उसने छोटे भाई को मोबाइल फोन में बिजी देखा। जिसपर उसने दीपांशु को मोबाइल चलाने से टोक दिया। इस बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया और बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि दीपांशु आपा खो बैठा।
पेट में चाकू लगने से उमेश की मौत
दीपांशु ने गुस्से में आकर अपने बड़े भाई पर चाकू से वार कर दिया। उमेश के पेट में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं, हत्या के बाद आरोपी भाई दीपांशु मौके से फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
इस वारदात की सूचना मिलते ही बहादुरगढ़ थाना पुलिस मौके पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य भी जुटाए गए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी को पकड़ने के लिए टीम उसकी तलाश कर रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
