ग्वालियर में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद राज्य सरकार पूरी तरह सक्रिय मोड में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार को सीधे ग्वालियर पहुंचे और ज जयारोग्य अस्पताल जाकर सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए श्रद्धालुओं से मुलाकात की। सीएम ने अस्पताल के बेड पर जाकर एक-एक मरीज से उनका हाल जाना, उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
घायलों से मिले मोहन यादव (X/@DrMohanYadav51)
अस्पताल में डॉक्टरों को दिए कड़े निर्देश
घायलों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टरों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम ने कहा कि सभी घायलों को बिना किसी बाधा के उच्च गुणवत्ता का और पूरी तरह फ्री इलाज मिलना चाहिए। डॉक्टरों के मुताबिक अधिकांश मरीजों की हालत में सुधार है, लेकिन जो एक-दो मरीज अधिक गंभीर स्थिति में हैं, उनकी सेहत पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर रूप से घायल मरीजों को हायर मेडिकल इंस्टिट्यूट्स तक पहुंचाने के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
'हर व्यक्ति की चिंता करना सरकार का काम'
मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरी सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। बीती रात की यह घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। हर व्यक्ति की चिंता करना और उनकी रक्षा करना सरकार का कर्तव्य है। स्थानीय प्रशासन और मंत्री पहले से ही राहत कार्यों पर नजर बनाए हुए हैं, और सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि प्रत्येक पीड़ित परिवार को समय पर सहायता और न्याय मिले।
