शहर

गुरुग्राम में पार्किंग बनी मौत का जाल! कार ने सो रही मेड को कुचला; मौके पर गई जान

हरियाणा के गुरुग्राम स्थित गुड्डी देवी पार्किंग क्षेत्र में आराम कर रही थीं, तभी चौथी मंजिल पर रहने वाली एक महिला अपनी लाल रंग की महिंद्रा थार पार्क कर रही थी। इसी दौरान वाहन उनके ऊपर चढ़ गया।

Image

गुरुग्राम सोसाइटी में पार्किंग में सो रही मेड पर चढ़ी थार

गुरुग्राम : सेक्टर-67 स्थित अंसल वर्सालिया (Ansal Versalia) सोसाइटी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में घरेलू सहायिका की जान चली गई। पुलिस के अनुसार, सोसाइटी की स्टिल्ट पार्किंग में आराम कर रही महिला को एक निवासी की महिंद्रा थार ने पार्किंग के दौरान कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के महोबा निवासी गुड्डी देवी के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के भोंडसी क्षेत्र में परिवार के साथ रहती थीं और सोसाइटी के एक फ्लैट में घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थीं। घटना मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे की बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, गुड्डी देवी पार्किंग क्षेत्र में आराम कर रही थीं, तभी चौथी मंजिल पर रहने वाली एक महिला अपनी लाल रंग की महिंद्रा थार पार्क कर रही थी। इसी दौरान वाहन उनके ऊपर चढ़ गया।

पुलिस का कहना है कि हादसे के तुरंत बाद चालक महिला घबरा गई। उसने आसपास के लोगों को बुलाया और अपनी दूसरी कार से घायल गुड्डी देवी को सेक्टर-68 स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

वहीं, मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि हादसे के बाद आरोपी महिला शव को वापस सोसाइटी की पार्किंग में छोड़कर अपने फ्लैट में चली गई। उन्होंने लापरवाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने हालांकि पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है और सोसाइटी के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि मामले में महिंद्रा थार को जब्त कर लिया गया है और महिला चालक से पूछताछ की जा रही है। सेक्टर-65 थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106 (लापरवाही से मृत्यु कारित करना) और 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) के तहत मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article