Punjab News: आगामी विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब कांग्रेस में जिस तरह से कलह खुलकर सामने आई है, उसने नेतृत्व को तो चिंता में डाला ही है। साथ ही विरोधियों को भी चुटकी लेने का अवसर दे दिया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान (Bhagwant Mann) ने कांग्रेस की अंदरूनी कलह और गुटबाजी पर अपने ही अंदाज में चुटकी ली है।
भगवंत मान ने कहा, 'आज कांग्रेस में ऐसी हालत हो गई है कि राजा वडिंग की चन्नी के साथ नहीं बनती, चन्नी की बाजवा के साथ नहीं बनती, बाजवा की रंधावा के साथ नहीं बनती, रंधावा की वडिंग के साथ नहीं बनती, वडिंग की नवजोत सिंह सिद्धू के साथ नहीं बनती और नवजोत सिंह सिद्धू की किसी के साथ नहीं बनती।'
न रहेगा बांस, न बजेगी बांसुरी
यही नहीं सीएम भगवंत मान ने तो यहां तक कहा कि कांग्रेस की लड़ाई को खत्म करवाना बहुत जरूरी है, अब हमें ही बीच में आना पड़ेगा। उन्होंने कहा, इनको (कांग्रेस को) इतनी सीटें दे दो कि मुख्यमंत्री बनने की नौबत ही न आए... न रहेगा बांस न बजेगी बांसुरी।
भगवंत मान ने कहा, 'कांग्रेस वाले तो इस तरह बर्ताव कर रहे हैं जैसे राज्यपाल ने मुख्यमंत्री पद की शपथ के लिए समय तय कर दिया है और कांग्रेस वालों को मुख्यमंत्री बनाना है, इसलिए सब कह रहे कि मुझे मुख्यमंत्री बनाओ।'
59 सीटें चाहिए, कहां से लाएंगे इतनी सीटें?
सीएम मान ने कहा, पंजाब का मुख्यमंत्री बनने के लिए 59 सीटें चाहिए ...कहां से लाएंगे इतनी सीटें? पहले सीटें तो जीत लो मुख्यमंत्री बनने के लिए। उन्होंने कहा, कांग्रेस में कोई किसी की लात खींच रहा है, कोई किसी की लात खींच रहा है।
बस में चढ़ेंगे इकट्ठे, उतरेंगे नहीं
AAP नेता ने कहा, अब कह रहे हैं कि कांग्रेस वाले एक बस यात्रा करेंगे... राहुल गांधी सभी पंजाब के कांग्रेस नेताओं को बस में चढ़ाएंगे और उसको हरी झंडी दिखाएंगे। मैं कहता हूं कि बस में चढ़ तो सारे इकट्ठे जाएंगे, लेकिन उतरेंगे इकट्ठे नहीं... सबकी पगड़ी उनके हाथों में होगी, कोई लहूलुहान होगा... किसी का माथा फूटा हुआ होगा, किसी की नाक फूटी होगी।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा, मैं कहना चाहता हूं कि इन नेताओं के साथ दो-चार आदमी लड़ाई छुड़ाने वाले भी बस में चढ़ा देना ताकि लड़ाई न हो। उन्होंने कहा, यह लूट के लिए लड़ रहे हैं... ताकि मुख्यमंत्री बन कर पंजाब को लूटा जाए। कांग्रेस वाले सरकार में आने पर सारी योजनाएं बंद कर देंगे। सीएम भगवंत मान ने कहा, कांग्रेस वाले पहले ही यह बयान दे चुके हैं कि मुफ्त वाली सारी योजनाएं बंद कर देंगे।
