Gurugram Wall Collapse: हरियाणा के गुरुग्राम में सोमवार रात एक बड़ा हादसा हो गया। यहां पटौदी-बिलासपुर रोड पर स्थित सिधरावली इलाके में एक निर्माणाधीन आवासीय सोसाइटी में दीवार गिरने से सात मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। मलबे में अभी भी कुछ मजदूरों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
खुदाई के काम के दौरान गिरी दीवार
करीब 15 मजदूर चपेट में आए
गुरुग्राम के सिधरावली स्थित 'सिग्नेचर ग्लोबल' सोसाइटी के निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में सोमवार रात करीब 8 बजे एक विशाल कंक्रीट रिटेंशन दीवार गिर गई। दीवार गिरने से बेसमेंट में बड़े पैमाने पर मिट्टी धंस गई, जिसकी चपेट में आकर 12 से 15 मजदूर दब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे और मलबे से मजदूरों को बाहर निकालना शुरू किया।
हादसे के बाद घायल मजदूरों को तुरंत पास के भिवाड़ी स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सात मजदूरों को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज चल रहा है, जिनमें से चार की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है।
STP के लिए हो रही थी खुदाई
पुलिस जांच के अनुसार, सोसाइटी परिसर में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) बनाने के लिए खुदाई का काम चल रहा था। इसी दौरान रिटेंशन वॉल अचानक ढह गई, जिससे बेसमेंट में काम कर रहे मजदूर उसके नीचे दब गए। साइट पर मौजूद अन्य श्रमिकों और ठेकेदारों ने बताया कि मलबे के नीचे अभी भी 10 से ज्यादा मजदूर फंसे हो सकते हैं।
मृतकों और घायलों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले सात मजदूरों में से छह की पहचान हो गई है। पुलिस के अनुसार मृतकों के नाम सतीश, भागीरथ, मिलन, शिव शंकर, मंगल और परमेश्वर हैं। वहीं, छोटेलाल, दीनदयाल, शिवकांत और इंद्रजीत की हालत गंभीर है और वे अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।
बचाव कार्य और कानूनी कार्रवाई
हादसे के तुरंत बाद मौके पर हाई मास्ट लाइटें और जेसीबी जैसी मशीनें मंगवाई गईं ताकि अंधेरे में भी बचाव कार्य जारी रखा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे इस मामले में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेंगे। मृतकों या घायलों के परिजनों की शिकायत मिलते ही संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज की जाएगी।
