Gurugram Road Accident: गुरुग्राम में DLF फेज इलाके में बीती रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। गोल्फ कोर्स कनेक्टिंग रोड पर रैपिड मेट्रो के नीचे तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। जहां तीन गाड़ियां आपस में टकरा गई, जिस कारण एक कमर्शियल टैक्सी सड़क के बीचोंबीच पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में टैक्सी ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।
गुरुग्राम में रैपिड मेट्रो के नीचे देर रात बड़ा हादसा
टक्कर के बाद पलट गई टैक्सी
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे गोल्फ कोर्स कनेक्टिंग रोड पर हुआ। जहां तीन गाड़ियों के बीच इतनी तेज टक्कर हुई कि एक कमर्शियल टैक्सी अपना संतुलन खोकर पलट गई। जिसके कारण चालक गाड़ी के अंदर फंस गया। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। घायल चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय सड़क पर ट्रैफिक कम था, लेकिन वाहन तेज रफ्तार में चल रहे थे। बताया जा रहा है कि एक कार के अचानक संतुलन खोने के बाद पीछे से आ रही गाड़ियां भी उससे टकरा गईं। हालांकि, दुर्घटना की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
क्रेन से हटाए गए क्षतिग्रस्त वाहन
हादसे की सूचना मिलने पर DLF की पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटना में तीनों वाहनों को नुकसान पहुंचा है। इस हादसे के कारण यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ। बाद में क्रेन की मदद से पलटी टैक्सी और अन्य क्षतिग्रस्त गाड़ियों को सड़क से हटाया गया। पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इसके जरिए टक्कर की पूरी घटना और इसमें शामिल वाहन चालकों की भूमिका का पता लगाया जाएगा। घायल टैक्सी चालक के बयान भी दर्ज किए जाएंगे।
