गुरुग्राम में ब्लैकआउट जैसे हालात, बिजली-पानी के लिए तरसे लोग; 3,000 के पार शिकायतें; बिजली कर्मियों की हड़ताल से हाहाकार

बिजली कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों के मुताबिक, गुरुग्राम के करीब 40 प्रतिशत हिस्से में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। हालांकि, यह आंकड़ा यूनियन का दावा है। बिजली संकट के चलते कई इलाकों में सामान्य जनजीवन प्रभावित होने की बात कही गई है।

गुरुग्राम : हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल से गुरुग्राम में हालात बदतर होते जा रहे हैं। बिजली आपूर्ति में रुकावट के चलते शहर के कई इलाकों में लोग परेशान हैं। मीडिया खबरों के हवाले से महज 12 घंटे में बिजली कटौती से जुड़ी 3,000 से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। कई जगहों पर बिजली संकट का असर पानी की सप्लाई पर भी पड़ा है। हालांकि, बुधवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी को बिजली आपूर्ति का लाइसेंस दिए जाने के मामले में बिजली कर्मचारियों के साथ खड़े रहने की बात कही थी। लेकिन कोई पुख्ता आश्वासन नहीं मिलने के कारण लगातार तीसरे दिन हड़ताल जारी है।

Gurugram Power Crisis Over

गुरुग्राम में बिजली संकट गहराया (फोटो-Istock)

जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात 10 बजे हड़ताल शुरू होने के बाद बिजली संबंधी शिकायतें आने लगीं। रात के दौरान करीब 945 शिकायतें दर्ज की गईं। इसके बाद सुबह के महज दो घंटे में 2,245 शिकायतें पहुंच गईं। इस तरह 12 घंटे के भीतर शिकायतों की संख्या 3,000 के पार हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से घरेलू कामकाज प्रभावित हुआ। वहीं, बिजली पर निर्भर पेयजल व्यवस्था में भी दिक्कतें आईं। ऐसे में लोगों को बिजली के साथ-साथ पानी की समस्या से भी जूझना पड़ा।

End of Feed