शहर

Gurugram: अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी धराए; पुलिस टीम लेकर निकली पश्चिम बंगाल, देश से बाहर भेजने की तैयारी शुरू

Gurugram Police Action: गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे 13 बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सभी को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उधर, मंगलूरु में भी 11 बांग्लादेशी पकड़े गए हैं।

Image

खुफिया इनपुट पर क्राइम ब्रांच ने मारा छापा

Photo : ANI

दिल्ली-NCR के गुरुग्राम में अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ पुलिस ने एक बड़ा अभियान चलाया है। गुरुग्राम पुलिस ने शहर में अवैध रूप से रह रहे 13 संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है और उन्हें उनके देश वापस भेजने की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा, कर्नाटक के मंगलूरु में भी पुलिस ने ऐसे ही एक मामले में 11 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा है।

गुरुग्राम क्राइम ब्रांच को मिला था खुफिया इनपुट

गुरुग्राम के सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध) नवीन शर्मा ने बताया कि करीब एक महीने पहले क्राइम ब्रांच को खुफिया जानकारी मिली थी कि कुछ बांग्लादेशी नागरिक भारत में अवैध रूप से प्रवेश कर गुरुग्राम के विभिन्न इलाकों में मजदूर के रूप में काम कर रहे हैं। इस इनपुट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 13 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया। जब उनके दस्तावेजों का सत्यापन किया गया, तो यह पुष्टि हो गई कि वे भारत में अवैध रूप से आए थे। एसीपी शर्मा ने बताया कि इन सभी 13 प्रवासियों को एक पुलिस इंस्पेक्टर और 23 पुलिसकर्मियों की कड़ी सुरक्षा में पश्चिम बंगाल के मालदा टाउन ले जाया जा रहा है, जहां उन्हें आगे की डिपोर्ट प्रक्रियाओं के लिए सुरक्षा एजेंसियों को सौंप दिया जाएगा। ये सभी लोग गुरुग्राम के अलग-अलग हिस्सों में किराएदार के रूप में रह रहे थे।

गुरुग्राम पुलिस ने आम नागरिकों से राष्ट्रीय सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि यदि किसी को भी अपने आस-पास रहने वाले किरायेदारों, घरेलू सहायकों, मजदूरों, होटल स्टाफ या निर्माण श्रमिकों पर कोई संदेह होता है, तो वे तुरंत इसकी सूचना हेल्पलाइन नंबर 112 या अपने नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें।

मंगलूरु में भी 11 हिरासत में, बिचौलिए पर दर्ज होगा केस

इसी तरह की एक बड़ी कार्रवाई सोमवार को कर्नाटक के मंगलूरु में भी देखने को मिली। मंगलूरु शहर पुलिस ने उर्वा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दो अलग-अलग कंसट्रक्शन साइट्स पर काम कर रहे 11 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है।

मंगलूरु सिटी पुलिस कमिश्नर सुधीर कुमार रेड्डी ने बताया कि पकड़े गए लोगों में से तीन एक साइट से और आठ दूसरी साइट से मिले हैं। इन सभी को डिपोर्ट करने के आदेश के लिए फॉरेनर्स रीजनल रजिस्ट्रेशन ऑफिस (FRRO) को रिपोर्ट भेजी जा रही है। पुलिस कमिश्नर ने साफ किया कि इन लोगों को भारत के अन्य राज्यों के मजदूरों के साथ यहां काम पर लाने वाले पश्चिम बंगाल के एक बिचौलिए के खिलाफ भी सख्त कानूनी मामला दर्ज किया जा रहा है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article