Gurugram Crime News: गुरुग्राम में आज सुबह हीरानगर इलाका गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। बाइक सवार तीन बदमाशों ने एक युवक की गोली मार दी। जिसका इलाज अस्पातल में चल रहा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। यह पूरी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है। पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस ने एक आरोपी की पहचान कर ली है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
पैसों को लेकर हुआ विवाद
यह दिल दहला देने वाली वारदात हीरानगर की गली नंबर 4 में हुई। पुलिस ने बताया कि संदीप मूल रूप से जींद का रहने वाला है। वह RO रिपेयरिंग का काम करता है। आरोपी मनदीप भी आरो रिपेयरिंग का काम करता है। पिछले दिनों रुपये को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। जिसके बाद उन्होंने सेक्टर 10 में केस दर्ज कराया था। इसी विवाद के चलते आज मनदीप ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर संदीप को गोलियों से भून डाला। बताया जा रहा है कि संदीप को तीन गोलियां लगी है उसे मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
इस घटना की सूचना मिलते ही शिवाजी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत को इकट्ठा कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने मौके से सीसीटीवी फुटेज को अपने कब्जे में ले लिया है। साथ ही आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों को जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
