गुरुग्राम : जिले के पटौदी के एक होटल में मंगलवार को गोलीबारी की घटना सामने आई जिसमें तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने होटल संचालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि घायलों में दो राहगीर थे। तीसरा घायल उस महिला का रिश्तेदार था, जो कथित तौर पर भागकर अपने प्रेमी के साथ होटल में रह रही थी। यह घटना दिन में करीब साढ़े ग्यारह बजे हुई, जब महिला के परिजन समेत कई लोग होटल पहुंचे और प्रेमी युगल को उनके हवाले करने की मांग करने लगे। होटल संचालक राज कुमार ने पुलिस को सूचना दी और दंपती को पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि, भीड़ का हंगामा जारी रहा।
(सांकेतिक फोटो)
पुलिस के अनुसार, स्थिति बिगड़ती देख पूर्व सैनिक राज कुमार ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से भीड़ पर पांच राउंड फायरिंग कर दी, जिससे तीन लोग घायल हो गए। घायलों की पहचान वसीम (महिला का रिश्तेदार, वार्ड 15, पटौदी), सौरभ और संदीप (दोनों निवासी, वार्ड 10, पटौदी) के रूप में हुई है। पुलिस ने राज कुमार को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस ने कहा कि राज कुमार भारतीय सैनिक रह चुका है और सेवानिवृत्ति के बाद होटल संचालित कर रहा था। वसीम को गुरुग्राम अस्पताल भेज दिया गया है, जबकि अन्य दो घायलों का इलाज पटौदी में चल रहा है। पटौदी थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
