Gurugram: डेढ़ सौ करोड़ की ठगी के आरोप में फंसे AAP विधायक कुलवंत सिंह, FIR दर्ज

MGF बिल्डर की याचिका पर आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह और उनकी रियल स्टेट कंपनी के खिलाफ 156 करोड़ रुपये की ठगी के मामले पर एफआईआर दर्ज की गई है।

गुरुग्राम: पंजाब के एसएएस नगर सीट से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलवंत सिंह और उनकी रियल स्टेट कंपनी के खिलाफ गुरुग्राम डीएलएफ फेज-2 थाने में एक एफआईआर दर्ज की गई है। MGF बिल्डर की याचिका पर कोर्ट के आदेश पर ये कार्रवाई की गई है। कुलवंत पर साजिश के तहत फर्जी दस्तावेज तैयार कर ठगी की धाराओं में ये एफआईआर दर्ज हुई है। प्रकरण में बिल्डर कंपनी एमजीएफ की ओर से आरोप लगाए गए हैं कि एमएलए कुलवंत और उनकी कंपनी जनता लैंड प्रमोटर्स प्राइवेट लिमिटेड ने अपनी एमजीएफ की जमीन पर परियोजना विकसित की। तय एग्रीमेंट के तहत प्रोजेक्ट बिक्री कर एमजीएफ को लगभग 180 करोड़ रुपये की धनराशि मिलनी थी, लेकिन उनकी कंपनी में एमजीएफ को महज 25 करोड़ 10 लाख रुपये ही अदा किए। साथ ही जनवरी 2021 से अभी तक कोई पेमेंट नहीं की। अभी भी 156 करोड़ रुपये का भुगतान करना शेष है, जिसे रोककर रखा गया है।

कुछ ये था मामला

एमजीएफ ने कोर्ट में दाखिल याचिका में कहा है कि जेएलपीपीएल कंपनी के साथ 31 अक्टूबर 2018 को नया एग्रीमेंट साइन किया गया है। एम्मार-एमजीएफ के अगल होने ते बाद ये एग्रीमेंट साइन हुआ। इसके तहत पंजाब के मोहाली स्थित सेक्टर-94 में कुल 117.908 एकड़ जमीन में से एमजीएफ की 58.77 एकड़ और जेएलपीपीएल की 59.138 एकड़ जमीन थी। इसी जमीन को डेवलप करने की जिम्मेदारी जेएलपीपीएल को दी गई और बाद में एमजीएफ के हिस्से में कुल 82009 वर्ग गज रेजिडेंशयल, 7023 वर्ग गज कमर्शियल एरिया आना। इस डिवेलप क्षेत्र को बेचने के लिए भी जीएलपीपीएल अधिगृहित कर दिया गया।

End of Feed