Gurugram News: फरहान अख्तर की फिल्म '120 बहादुर' का नाम बदलकर '120 वीर अहीर' करने को लेकर गुरुग्राम में बवाल मच गया। अहीर समुदाय की महापंचायत के बाद नेताओं ने नाराजगी जताते हुए नेशनल हाईवे 48 को जाम कर दिया। जिसकी वजह से वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
फरहान अख्तर की फिल्म के नाम पर गुरुग्राम में प्रदर्शन
खेड़की दौला टोल टैक्स बंद
अहीर नेताओं ने खेड़की दौला टोल टैक्स के पास जाम लगाया है। जिसके कारण टोल टैक्स भी बंद करवाया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को काबू में रखने की कोशिश की। महापंचायत में करीब 200 गांवों के लोग शामिल हुए। अहीर नेताओं ने फरहान अख्तर और फिल्म के डायरेक्टर को बार-बार चेतावनी दी।
जब उनकी चेतावनी पर अमल नहीं किया गया, जिसके बाद अहीर नेताओं ने आज नेशनल हाईवे पर जाम लगाने का ऐलान किया और इसे लागू भी किया। इस हंगामे में वाहन चालकों को घंटों तक आवाजाही में बाधा का सामना करना पड़ा। इस विवाद ने फिल्म के रिलीज से पहले ही मीडिया और सोशल मीडिया पर काफी सुर्खियां बटोरी हैं।
रेजांग ला की लड़ाई पर बनी फिल्म
अहीर समुदाय के लोगों की मांग है कि इस फिल्म का नाम बदलकर 120 वीर अहीर कर दिया जाए। उन्होंने फिल्म में सभी शहीदों के नाम भी दिखाने को कहा है। अगर उनकी मांग पूरी नहीं की गई, तो वे विरोध प्रदर्शन करेंगे। फिल्म 120 बहादुर के निर्माता फरहान अख्तर और निर्देशक रजनीश घई हैं। इस फिल्म के टीजर में 1962 की रेजांग ला की जंग को दर्शाया गया है। जिसमें फरहान अख्तर मेजर शैतान सिंह भाटी के किरदार में हैं। यह फिल्म 21 नवंबर 2025 को रिलीज होगी।
