Gurugram Namo Bharat Train: गुरुग्राम में चलने वाली नमो भारत ट्रेन का डिपो फाइनल कर लिया गया है। इसे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर धारूहेड़ा में बनाया जाएगा। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम लिमिटेड (NCRTC) को डिपो तैयार करने के लिए लगभग 182 एकड़ जमीन की जरूरत है। एनसीआरटीसी ने नमो भारत ट्रेन का डीपीआर भी तैयार कर लिया है। यह ट्रेन दिल्ली के सराय काले खां से लेकर रेवाड़ी के धारूहेडा़ तक दिल्ली-जयपुर हाईवे के साथ दौडे़गी। इसके निर्माण कार्य की अनुमानित लागत लगभग 30 हजार करोड़ रुपये है। साथ दिल्ली और गुरुग्राम में बनाए जाने वाले स्टेशन की लोकेशन भी तय कर ली गई है।
आधे से ज्यादा जमीन विवादित
एनसीआरटीसी ने इस परियोजना के तहत डिपो को धारूहेड़ा में तैयार करने की योजना बनाई है। इसे लगभग 182 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। लेकिन लगभग 108 एकड़ जमीन का मामला पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन पड़ा है। इस मामले में 28 फरवरी को अगली सुनवाई होनी है। इसके अलावा करीब 74 एकड़ जमीन हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) ने एनसीआरटीसी को दे दी है। हरियाणा सरकार और एनसीआरटीसी के बीच हुए समझौते के अनुसार इस ट्रेन के लिए हरियाणा सरकार को यह जमीन मुफ्त में देनी है।
इन जगहों पर बनाए जाएंगे स्टेशन
दिल्ली में नमो भारत ट्रेन के स्टेशन आईएनए, मुनीरका और एरोसिटी में बनाए जाएंगे। वहीं गुरुग्राम में साइबर सिटी, इफको चौक, राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, मानेसर, खेड़की दौला, पचगांव, बिलासपुर चौक और धारूहेड़ा में ट्रेन के स्टेशनों को बनाया जाएगा। गुरुग्राम के चार स्टेशन अंडरग्राउड बनेंगे। ये स्टेशन राजीव चौक, हीरो होंडा चौक, खेड़की दौला और मानेसर हैं।
मेट्रो स्टेशन की जगह बदली
एनसीआरटीसी ने सेक्टर 17 मेट्रो स्टेशन के स्थान में भी बदलाव किया गया है। अब इस मेट्रो स्टेशन को सेक्टर 29 की जमीन पर बनाने की योजना तैयार की गई है। इसके लिए लगभग 19000 वर्ग मीटर जमीन की जरूरत होगी। यह स्टेशन दिल्ली-जयपुर हाईवे पर बनाया जाएगा, जिसमें एचएसवीपी के पांच प्लॉट आ रहा है, जोकि विवाद रहित है और इसकी मौजाद बाजार कीमत करीब एक हजार करोड़ रुपये है। साथ ही एक पेट्रोल पंप भी स्टेशन के निर्माण में आ रहा है। इसके लिए सेक्टर 9,10 और 37 सी में जमीन आवंटित की जाने की संभावना है।
