Namo Bharat Train: गाजियाबाद से नोएडा के जेवर एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी स्थापित करने के लिए नमो भारत ट्रेन को चलाने की तैयारी तेज हो गई है। इस योजना का डीपीआर यानी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट भी तैयार कर ली गई है और मंजूरी के लिए केंद्र सरकार के पास भेज दी गई है। एक बार मंजूरी मिलने के बाद परियोजना को जमीनी स्तर पर उतारने की तैयारी की जाएगी। इससे गाजियाबाद से जेवर एयरपोर्ट और नोएडा के अन्य स्थानों पर यात्रा करने वाले लोगों को भी लाभ होगा। बिना जाम में फंसे यात्री कम समय में एक शहर से दूसरे शहर पहुंच पाएंगे।
नमो भारत ट्रेन परियोजना
गाजियाबाद से नोएडा जेवर एयरपोर्ट तक नमो भारत का कॉरिडोर 72.44 किलोमीटर लंबा होगा। बताया जा रहा है कि इसमें रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम के करीब 11 स्टेशन होंगे। इस परियोजना को पूरा करने में 20,637 करोड़ रुपये का खर्च आने का अनुमान लगाया गया है। इस कॉरिडोर के पूरा होने के बाद यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी। कम समय में एयरपोर्ट पहुंचने के लिए लोग नमो भारत ट्रेन का लाभ उठा पाएंगे। ट्रेन का संचालन शुरू होने के बाद वह सड़क मार्ग पर लगे लंबे जाम से बच सकते हैं।
NCRTC ने केंद्र को भेजा परियोजना का डीपीआर
मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने नमो भारत कॉरिडोर परियोजना का डीपीआर शासन को भेजा दिया था। प्रदेश सरकार से डीपीआर को मंजूरी मिलने के बाद इसे केंद्र सरकार से पास मंजूरी के लिए भेजा गया है। एक बार केंद्र सरकार से मंजूरी मिलने के बाद इसका कार्य शुरू किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार द्वारा परियोजना पर सैद्धांतिक सहमति मिल गई है, लेकिन अभी डीपीआर का गहनता से अध्ययन किया जा रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस परियोजना को जल्दी ही मंजूरी मिल सकती है। क्योंकि हाल ही में NCRTC, केंद्र सरकार और परियोजना से संबंधित अन्य आवश्यक एजेंसियों के बीच बैठक हुई थी। बस अब मंजूरी की घोषणा का इंतजार किया जा रहा है।
