Gurugram Firing Case: दिल्ली पुलिस की साउथ डिस्ट्रिक्ट स्पेशल स्टाफ टीम ने एक बड़े ऑपरेशन के तहत कुख्यात बंभीहा और नीरज बावनिया गैंग से जुड़े तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इन अपराधियों का सीधा संबंध गुरुग्राम में 14 जनवरी को हुए 24 राउंड फायरिंग केस से है, जिसमें अपराधियों ने गोलीबारी के बाद मौके पर बंभीहा गैंग का नाम लिखी हुई पर्चियां छोड़ दी थीं।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान
दिल्ली में विधानसभा चुनावों को देखते हुए पुलिस लगातार संदिग्धों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक चोरी की कार इलाके में घूम रही है। जब पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की तो चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि यह कार बंभीहा गैंग के शूटरों द्वारा इस्तेमाल की जा रही थी। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुनील यादव उर्फ लाला, ललित उर्फ राहुल और नदीम उर्फ लंगड़ा के रूप में हुई है। इनके पास से एक चोरी की कार और अन्य सामान बरामद हुआ है।
चोरी की गाड़ियां हुई फायरिंग में इस्तेमाल
पूछताछ में पता चला कि इन आरोपियों ने दिल्ली के विभिन्न इलाकों से चोरी किए गए वाहनों को गुरुग्राम फायरिंग में इस्तेमाल किया था। घटना वाले दिन, दो बदमाशों ने अशोक विहार, गुरुग्राम में एक घर पर 24 राउंड फायरिंग की थी और वहां बंभीहा गैंग का नाम लिखी पर्चियां फेंकी थीं। फायरिंग में इस्तेमाल की गई बाइक भी चोरी की गई थी, जिसे इन गिरफ्तार आरोपियों ने गैंग के शूटरों को मुहैया कराई थी।
आरोपियों से पूछताछ कर रही पुलिस
सुनील यादव को चोरी की कार के साथ साकेत इलाके से पकड़ा गया। ललित को साकेत मॉल के पास से पकड़ा गया, जिसने खुलासा किया कि उसने चोरी की कार के कुछ सामान नदीम को दिए थे। नदीम उर्फ लंगड़ा को शाहीन बाग इलाके से गिरफ्तार किया गया। फिलहाल, पुलिस तीनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि इनके नेटवर्क और अन्य साथियों का पता लगाया जा सके।
