Mahakumbh 2025: महाकुंभ के तीसरे अमृत स्नान वसंत पंचमी के मौके पर प्रयागराज के सभी रेलवे स्टेशनों पर वन वने व्यवस्था लागू की गई है। जिसे 2 से 5 फरवरी तक लागू किया गया है। इस दौरान प्रयागराज जंक्शन, छिवकी, सूबेदारगंज, नैनी, रामबाग, प्रयाग आदि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों का एक तरफ से प्रवेश होगा और निकासी दूसरी तरह से होगी। इस अवधि में यात्रियों का प्रवेश स्टेशनों पर बने आश्रय स्थल से होगा।
इस रेलवे स्टेशन में प्रवेश पर रहेगी रोक
दारागंज स्थित प्रयागराज संगम रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के प्रवेश पर रोक रहेगी। इस स्टेशन से ट्रेनों का संचालन नहीं किया जाएगा। इसकी जगह प्रयाग रेलवे स्टेशन से यात्रियों को ट्रेन मिलेंगी। प्रयागराज जंक्शन रेलवे स्टेशन में यात्रियों का प्रवेश केवल सिटी साइड से ही होगा। इस स्टेशन पर सिविल लाइंस साइड एग्जिट होगा। मौनी अमावस्या के मौके पर भी प्रयागराज के रेलवे स्टेशनों पर एकल दिशा प्रवेश लागू किया गया था। जिसमें शनिवार को 24 घंटे की छूट यात्रियों को मिली। इस दिन रेलवे स्टेशनों पर चार दिन बाद दोनों ओर से यात्रियों की आवाजाही हुई। रात 12 बजे के बाद फिर से सभी स्टेशनों पर पहले की तरह ही तमाम प्रतिबंध लगा दिए गए।
रेलवे स्टेशनों पर प्रवेश-निकास की व्यवस्था
प्रयागराज जंक्शन
- इस स्टेशन पर प्रवेश केवल सिटी साइट से होगा।
- सिविल लाइंस साइड से यात्रियों का निकास होगा।
- आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को सिटी साइड से गेट नंबर 5 से प्रवेश मिलेगा।
सूबेदारगंज स्टेशन
- यात्रियों को झलवा (कौशांबी रोड) की तरफ से प्रवेश करना होगा।
- जीटी रोड की ओर से निकास दिया जाएगा।
- आरक्षित टिकट वाले यात्रियों का प्रवेश गेट नंबर 3 से होगा।
नैनी जंक्शन
- यात्रियों को स्टेशन रोड से प्रवेश दिया जाएगा।
- मालगोदाम की ओर (द्वितीय प्रवेश द्वार) से निकास होगा। आरक्षित टिकट के यात्रियों को गेट नंबर दो से प्रवेश मिलेगा।
प्रयागराज छिवकी
- स्टेशन में यात्रियों का प्रवेश स्टेशन रोड से होगा।
- मालगोदाम की ओर (द्वितीय प्रवेश) से निकास दिया जाएगा।
- आरक्षित टिकट वाले यात्रियों को गेट नंबर दो से प्रवेश मिलेगा।
फाफामऊ जंक्शन
- इस स्टेशन पर मुख्य प्रवेश द्वार से यात्रियों की एंट्री पर रोक रहेगी।
- यात्रियों का प्रवेश दूसरे गेट से होगा।
- स्टेशन के मुख्य द्वार से निकासी दी जाएगी।
प्रयाग जंक्शन
- स्टेशन पर प्रवेश इविवि की ओर से मिलेगा।
- छोटा बघाटा साइड के गेट से निकासी होगी।
प्रयागराज रामबाग
- स्टेशन रोड लल्लू एंड संस की ओर से प्रवेश दिया जाएगा।
- लाउदर रोड से गेट नंबर 1,2,3 की ओर से निकासी दी जाएगी।
झूंसी स्टेशन
- इस स्टेशन पर दोनों ओर यात्री आश्रय स्थल की व्यवस्था है।
- स्टेशन के दोनों ओर से प्रवेश और निकास दिया जाएगा।
