Delhi-Mumbai Expressway: बहुप्रतीक्षित 1382 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे के प्रथम फेज का उद्घाटन आज होने वाला है। इस एक्सप्रेसवे पर दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर से राजस्थान के लालसोट तक के खंड पर वाहन चालक 15 फरवरी से सफर कर सकेंगे। यह एक्सप्रेसवे हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश तथा गुजरात राज्य के कई प्रमुख शहरों से गुजरते हुए मुंबई तक जाएगा। इस एक्सप्रेसवे से लोग दिल्ली से मुंबई तक का सफर महज 12 घंटे में पूरा कर सकेंगे। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे विश्व का ऐसा पहला सबसे लंबा एक्सप्रेसवे है जिसे बारह लेन का बनाया जा रहा है। हालांकि अभी सिर्फ आठ लेन बनाया गया है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे
दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे का निर्माण एवं रखरखाव भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा किया जाएगा। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे परियोजना दिसंबर 2023 तक पूरी तरह शुरू होने का अनुमान है। दिल्ली- मुंबई एक्सप्रेसवे कई राज्यों से होकर गुजरेगा। यह हरियाणा में 129 किमी, राजस्थान में 373 किमी, मध्य प्रदेश में 244 किमी, गुजरात में 426 किमी और महाराष्ट्र में 171 किमी सहित पांच राज्यों से होकर गुजरेगा। इस एक्सप्रेसवे को बनाने के लिए जर्मन तकनीक का उपयोग किया गया है। इसे करीब सवा लाख करोड़ रुपये के बजट से आगामी 50 साल के ट्रैफिक और जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया जा रहा है।
