गुरुग्राम

गुरुग्राम-फरीदाबाद मेट्रो का रास्ता साफ, मुख्यमंत्री ने कहा जल्द जुड़ेंगे दोनों शहर

गुरुग्राम-फरीदाबाद के बीच जल्द ही मेट्रो का काम शुरू होगा। इसका इशारा रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जनआभार रैली में मिला। कई सालों से चल रही इस परियोजना का काम जल्द ही जमीन पर शुरू दिखाई देगा। मुख्यमंत्री ने इसके अलावा और भी कई योजनाओं की घोषणा की।

Image

सांकेतिक तस्वीर

Gurugram Faridabad Metro: रविवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने डबुआ सब्जी मंडी में जनआभार रैली में पहुंचकर एनआईटी विधानसभा को कई योजनाओं की सौगात दी। उसमें फरीदाबाद-गुरुग्राम के बीच मेट्रो सेवा की भी बात हुई। वैसे तो इस परियोजना की बात पिछले एक दशक से चल रही है, लेकिन जल्द ही इसका काम जमीन पर नजर आएगा। रविवार को इसके साथ सोहना रोड पर फ्लाईओवर बनाने की भी घोषणा की गई।

सोहना रोड पर बनेगा फ्लाईओवर

इस रैली का आयोजन फरीदाबाद एनआईटी क्षेत्र के विधायक सतीश फागना ने किया था, जिसमें मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम और फरीदाबाद को जोड़ने के लिए जल्द ही काम नजर आने की बात कही। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने सोहना रोड पर फ्लाईओवर बनाने की बात भी कही। इसकी मांग क्षेत्र के विधायक ने की है।

मेट्रो के अलावा भी कई योजनाओं की घोषणा

रविवार को हुई इस जनआभार रैली में पहुंचकर एनआईटी विधानसभा को करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात दी। मेट्रो के अलावा भी

कई विकास योजनाओं की घोषणा हुई। कई डिस्पेंसरी और स्वास्थ्य केंद्रों के नवीनीकरण और निर्माण और फरीदाबाद क्षेत्र के तहत आने वाले कई गांवों में सामुदायिक भवन बनाने की भी घोषणा की। जहां तक सोहना रोड पर फ्लाईओवर बनाने की बात है, तो इसे फिजिबिलिटी रिपोर्ट के आधार पर मंजूरी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने गिनवाए सरकार के काम

कांग्रेस से अपने विकास कार्य की तुलना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा ने कांग्रेस के मुकाबले दोगुने काम करवाए हैं। वर्ष 2014 से अब तक भाजपा सरकार ने फरीदाबाद के केवल एनआईटी क्षेत्र में ही 640 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्य करवाए हैं। जबकि कांग्रेस सरकार में 272.42 करोड़ रुपये के कार्य करवाए थे। मुख्यमंत्री ने ये भी कहा कि विधानसभा चुनावों के दौरान घोषित किए गए 217 संकल्पों में से 19 संकल्पों को सरकार ने 100 दिन के अंदर ही पूरा कर दिया है। बाकी 90 संकल्पों को इसी साल पूरा कर लिया जाएगा। इन पर सरकार तेज गति से काम कर रही है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article