Gurugram: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे को बीते 15 फरवरी को वाहनों के आवाजाही के लिए खोल दिया गया है। जिसके बाद से ही इस एक्सप्रेसवे पर वाहन तेज रफ्तार में फर्राटा भर रहे हैं। इन वाहनों के साथ इस एक्सप्रेसवे पर ऐसे वाहन भी दौड़ते नजर आ रहे हैं जो यहां प्रतिबंधित हैं। एनएचएआई ने एक्सप्रेसवे पर बाइक, ऑटो, और ट्रैक्टर-ट्राली जैसे वाहनों को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर रखा है। इसके साथ ही अलीपुर के पास एक्सप्रेसवे के एंट्री प्वाइंट पर इस प्रतिबंध से संबंधित संकेतक भी लगाए गए हैं, लेकिन इसके बाद भी इस पर ये प्रतिबंधित वाहन दौड़ते नजर आ रहे हैं। इन वाहनों को एक्सप्रेसवे पर आने से रोकने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने आज से सख्त अभियान शुरू किया है। अगर आप भी इस एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधित वाहन लेकर जाने की सोच रहे हैं तो सावधान हो जाएं। इस तफरी के बदले आपको हजारों रुपये का चालान भरना पड़ सकता है।
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे
बता दें कि इस एक्सप्रेसवे को वाहनों के आवगमन के लिए खोलने से पहले 13 फरवरी को एक बाइक की टक्कर से एनएचएआई के एक कर्मचारी और बाइक सवार की मौत हो गई थी। एक युवक के साथ-साथ बाइक चालक की भी मौत हुई थी। इसके अलावा अगले ही दिन लोहटकी गांव के पास एक महेंद्रा पिकअप और ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर हो गई थी, जिसमें पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि एक्सप्रेसवे शुरू होने के बाद एनएचएआई ने इन वाहनों को एक्सप्रेसवे पर प्रतिबंधित कर दिया, लेकिन इसके बाद भी ये वाहन एक्सप्रेसवे पर दौड़ते नजर आ रहे हैं।
