गुरुग्राम

Gurugram: कहासुनी में खफा नाबालिग ने दोस्त को मारी गोली; घायल का इलाज जारी

गुरुग्राम में एक नाबालिग ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से 17 वर्षीय क्लासमेट को गोली मार दी। इस वारदात में एक और नाबालिग शामिल था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Image

गुरुग्राम में नाबालिग ने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से दोस्त को गोली मारी

Photo : Times Now Digital

Gurugram News: गुरुग्राम से एक खौफनाक वारदात सामने आई है। एक नाबालिग ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से 17 वर्षीय क्लासमेट को गोली मार दी। इस साजिश में आरोपी के साथ एक और नाबालिग शामिल था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया है। घटनास्थल से 1 पिस्टल, 1 मैगजीन, 5 कारतूस के अलावा कमरे के अंदर रखे बॉक्स से 1 मैगजीन व 65 कारतूस बरामद हुए हैं। घायल नाबालिग का मेदांता हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है।

क्या है पूरा मामला

घायल लड़के की मां ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा 11वीं क्लास में पढ़ता है। 8 नवंबर को बेटे के दोस्त ने फोन कर मिलने के लिए बुलाया। पहले उसने बेटे को जाने से मना कर दिया पर बाद में परमिशन दे दी। उसका बेटा खेड़कीदौला टोल तक गया। वहां उसका दोस्त मिल गया और इसके बाद दोनों उसके घर गए, जहां पहले से एक लड़का मौजूद था। मां ने बताया कि करीब 2 महीने पहले उसके बेटे और दोस्त में किसी बात को लेकर दोनों की कहासुनी हो गई थी, जिसका बदला लेने के लिए उस लड़के ने अपने साथी के साथ मिलकर बेटे को जान से मारने की नीयत से गोली चला दी।

दर्ज हो गया है मामला

गुरुग्राम सदर थाना पुलिस द्वारा घायल लड़के की मां की रिपोर्ट के आधार पर 2 नाबालिगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस दोनों नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। नाबालिक आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में पता चला कि ये तीनों दोस्त एक ही स्कूल में 11वीं कक्षा के छात्र है। 2 महीने पहले आरोपी का पीड़ित से झगड़ा हो गया था, जिसकी रंजिश रखते हुए 8 नवंबर की रात को करीब 9 बजे आरोपी ने पहले पीड़ित को बुलाया और फिर रास्ते में इन्होंने खाना पीना किया, फिर ये अपने एक अन्य दोस्त को लेने गए तथा उसके बाद ये तीनों दोस्त आरोपी के किराए के मकान सेक्टर-48, गुरुग्राम पर गए, जहां पर आरोपी ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मारने की वारदात को अंजाम दिया। नाबालिक आरोपियों से पुलिस पूछताछ में यह भी पता चला कि आरोपी का पिता प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है और इसके पिता की लाइसेंसी पिस्टल घर में रखी हुई थी, जिसका इस्तेमाल करके आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!