शहर

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर होगा डायवर्जन, NHAI ने तैयार किया ट्रैफिक डायवर्जन प्लान; जानें पूरा रूट मैप

Delhi-Jaipur Highway News: दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मानेसर में लग रहे भीषण जाम से निपटने के लिए NHAI ने नया ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार किया है। इस महीने के अंत से लागू होने वाले नए रूट की पूरी डिटेल

Image

NHAI ने तैयार किया 20 किमी लंबा वैकल्पिक रूट

Photo : Times Now Digital

Gurugram News: दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-48) पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक बेहद जरूरी खबर है। मानेसर में निर्माणाधीन फ्लाईओवर की वजह से रोजाना सुबह और रात के समय लग रहे भीषण ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। इस योजना को इस महीने के अंत तक मानेसर चौक से पचगांव चौक के बीच पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस को भी इस नए प्लान की विस्तृत जानकारी दे दी गई है।

क्यों लग रहा है हाईवे पर 1.5 घंटे का लंबा जाम

फिलहाल NHAI द्वारा मानेसर में तीन-तीन लेन का एक विशाल फ्लाईओवर तैयार किया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते मुख्य हाईवे का ट्रैफिक फिलहाल सिर्फ दो लेन की संकरी सर्विस रोड से होकर गुजर रहा है। भारी और हल्के वाहनों के भारी दबाव के कारण वाहन चालकों को रोजाना करीब एक से डेढ़ घंटे तक रेंग-रेंग कर चलना पड़ता है। बता दें कि करीब 84 करोड़ रुपये की लागत से मानेसर और बिलासपुर चौक पर बन रहे ये करीब 1 किमी लंबे फ्लाईओवर अगले साल सितंबर (2027) तक बनकर तैयार होंगे। तब तक जाम से राहत देने के लिए यह नया रूट तैयार किया गया है।

जानिए क्या है नया डायवर्जन रूट

यदि आप दिल्ली से जयपुर की तरफ जा रहे हैं, तो आपको मानेसर चौक से गुजरने के बजाय मानेसर चौक से दाईं तरफ मुड़कर और मानेसर तहसील के सामने वाली रोड से होते हुए होंडा कंपनी की तरफ दाईं तरफ जाना होगा। फिर बाईं तरफ से हरियाणा सिटी गैस के सामने से होते हुए मानेसर के लेबर चौक को पार करते हुए सामने टी-पॉइंट (T-Point) से बाएं मुड़कर और हाईलैक्स इंडिया के सामने से गुजरते हुए सीधे गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी हाईवे (NH-352W) पर पहुंच सकते हैं। इस हाईवे से होते हुए कुंडली-मानेसर-पलवल (KMP) एक्सप्रेसवे पकड़कर सीधे पचगांव की तरफ निकला जा सकता है।

गौरतलब है कि हाईवे के मुख्य मार्ग से मानेसर से पचगांव की दूरी महज 8 किलोमीटर है, लेकिन इस डायवर्जन रूट से यह दूरी करीब 20 किलोमीटर पड़ेगी। इसमें वाहन चालकों को करीब 30 मिनट का अतिरिक्त समय लगेगा, लेकिन वे हाईवे के बड़े जाम से पूरी तरह बच जाएंगे।

लंबी दूरी वाले यात्रियों और जयपुर से दिल्ली आने वालों के लिए रूट

जो लोग दिल्ली से सीधे जयपुर जा रहे हैं और बीच में उन्हें मानेसर नहीं रुकना है, वे राजीव चौक से गुरुग्राम-सोहना हाईवे होते हुए सीधे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे का रास्ता चुन सकते हैं। जयपुर की तरफ से आ रहे वाहन पचगांव से केएमपी (KMP) का उपयोग करते हुए एनएच-352w के जरिए द्वारका एक्सप्रेसवे होकर दिल्ली में प्रवेश कर सकते हैं।

इस प्लान को सुचारू रूप से चलाने के लिए एनएच-352डब्ल्यू के एक बड़े हिस्से (गेट-वे रेल, हरसरू और एटीएस चौक फ्लाईओवर) को तय समय से पहले ही खोला जा रहा है। वजीरपुर के पास 220केवीए केबल शिफ्टिंग का काम चलने के कारण वहां ट्रैफिक सर्विस रोड से निकाला जाएगा।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article