शहर

Gurdaspur: मानसा के बाद गुरदासपुर में नशे के खिलाफ आवाज उठाने पर हत्या, 15 से ज्यादा हमलावरों ने मारा, दो गंभीर रूप से घायल

Gurdaspur News: पंजाब के गुरदासपुर में नशा बेचने से रोकने पर 15 से अधिक हमलावरों ने तीन लोगों पर तेजधार हथियारों से हमला किया। हमले में बिक्रमजीत सिंह की मौत हो गई है, दो घायल हैं।

Image

मृतक की फाइल फोटो और अस्पताल में भर्ती घायल

Photo : Times Now Digital

Gurdaspur News: पंजाब के मानसा में नशे के खिलाफ आवाज उठाने वाले परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला अभी पूरी तरह ठंडा भी नहीं हुआ था कि राज्य में नशे के काले कारोबार का विरोध करने पर एक और सनसनीखेज खूनी संघर्ष सामने आया है। गुरदासपुर जिले के श्री हरगोबिंदपुर साहिब के अंतर्गत आने वाले गांव माड़ी पन्नवां में नशा तस्करों का विरोध करने पर बदमाशों ने तीन लोगों पर तेजधार हथियारों से कातिलाना हमला कर दिया। इस भीषण हमले में बिक्रमजीत सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर रूप से घायल हैं।

क्या है पूरा मामला?

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गांव माड़ी पन्नवां में नशा बेचने वाले अक्सर खुलेआम गली-मोहल्लों में खड़े रहते हैं, जिसके कारण वहां से महिलाओं और युवतियों का आना-जाना बेहद मुश्किल हो गया था। गुरुवार को जब स्थानीय लोगों ने तस्करों को वहां नशा बेचने से रोका, तो बात बढ़ गई। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे बदमाश हथियारों से लैस होकर आए थे और उनकी संख्या 15 से अधिक थी। उन्होंने सुनियोजित तरीके से बिक्रमजीत सिंह, निशान सिंह और गुरमुख सिंह पर तेजधार हथियारों से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

हमले में तीनों लोग बुरी तरह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां गंभीर रूप से घायल बिक्रमजीत सिंह ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, निशान सिंह और गुरमुख सिंह की हालत भी नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

Manoj Kumar
मनोज कुमार author

मनोज कुमार को टीवी पत्रकारिता में काम करने का 20 साल का अनुभव है. वर्तमान में वह Times Now नवभारत में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में काम कर रहे हैं. 2022 से चंडीगढ़ ब्यूरो हेड के तौर पर चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश को कवर कर रहे हैं. उन्होंने पंजाब बाढ़ त्रासदी, ऑपरेशन सिंदूर जैसी बड़ी घटनाओं को ग्राउंड जीरो से कवर किया है. हिमाचल प्रदेश में संजौली मस्जिद कवरेज के लिए उन्हें ENBA अवॉर्ड मिल चुका है.

और पढ़ें
End of Article