Gumla Accident News: झारखंड के गुमला जिले में गुरुवार तड़के भीषण हादसा हो गया। जहां एक अज्ञात हाईवा ने पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई और दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा एनएच 23 गुमला रांची मुख्य मार्ग पर भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई।
गुमला में दर्दनाक हादसा
गुमला में तिलकुट बेचने जा रहे थे पिकअप सवार
जानकारी के अनुसार एक पिकअप वाहन में सवार लोग रांची से गुमला की ओर तिलकुट बेचने जा रहे थे। तभी हाईवा वाहन ने पिकअप को टक्कर मार दी। इस दर्दनाक घटना में चार लोगों की मौत हो गई। साथ ही दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि सभी लोग रांची के रहने वाले हैं। दुर्घटना गुरुवार अहले सुबह की है। हादसे के बाद भरनो थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। जिसके बाद घायलों को सिसई अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से दोनों को गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें रिम्स रांची रेफर किया गया है।
हाईवा ने पीछे से पिकअप में मारी टक्कर
बताया जा रहा है कि हाईवा ने पिकअप को पीछे से टक्कर मारी। जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस मृतकों की पहचान कर रही है। वहीं घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।
